Shaukat Ali controversial statement AIMIM UP: उत्तर प्रदेश में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने एक ‘ईद मिलन’ कार्यक्रम के दौरान बेहद ही विवादित बयान दिया है, जिससे प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है. दरअसल AIMIM नेता शौकत अली मेरठ में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे जहां उन्होंने कहा कि हमें 111 नहीं सिर्फ 11 विधायक दे दो तो वो अपनी ताकत दिखा देंगे और किसी मुसलमान का एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर होगा. उनके इस बयान के बाद राज्य में राजनीतिक ध्रुवीकरण और कानून-व्यवस्था को लेकर नई बहस छिड़ गई है.
‘एनकाउंटर करने वाला का भी एनकाउंटर होगा’
‘ईद मिलन’ कार्यक्रम में अपने सम्बोधन के दौरान उन्होंने (AIMIM leader Shaukat Ali) कहा कि मैं आपसे वादा करके जा रहा हूं कि उत्तर प्रदेश में अगर किसी मुसलमान का अगर एनकाउंटर होगा तो एनकाउंटर करने वालों का भी एनकाउंटर होगा. वहीं इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा और कहा कि आपने जिसके 111 विधायक जिताए वही अब यह कह रहे हैं कि उनकी सरकार नहीं है वो क्या कर सकते है.
आगे उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में मदरसों पर ताले लगवाए गए, सिर्फ आरोपों के आधार पर लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाए गए और बेगुनाहों को निशाना बनाया गया. इस देश को आजाद कराने में उनके लोगों की भी भूमिका रहा है. लेकिन उनके साथ सबसे ज्यादा ज्यादती हो रही है.
मेरठ कप्तान के बयान पर पलटवार
शौकत अली ने मेरठ के पुलिस कप्तान (एसएसपी) के उस हालिया आदेश का भी जिक्र किया, जिसमें सड़क पर नमाज पढ़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और लाइसेंस रद्द करने की बात कही गई थी. इस पर पलटवार करते हुए AIMIM नेता ने कहा कि प्रशासन का यह दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने मांग की कि आगामी रामनवमी के जुलूसों के दौरान भी वैसी ही सख्ती दिखाई जाए और मस्जिदों के सामने ‘नागिन डांस’ जैसे भड़काऊ कृत्य करने वालों के खिलाफ तुरंत केस दर्ज होना चाहिए.
यह भी पढ़ें: ‘होर्मुज पर हमले करना पूरी तरह अस्वीकार्य…’, ईरान युद्ध से उत्पन्न संकट पर राज्यसभा में क्या बोले पीएम मोदी?
हर मस्जिद में एक डंडा रखने की अपील
मजहबी भावनाओं को सहलाते हुए शौकत अली (AIMIM leader Shaukat Ali) ने समर्थकों से अपील की कि अगर वे अपनी मस्जिदों और मदरसों की हिफाजत करना चाहते हैं, तो उन्हें ‘एक डंडा, एक झंडा और एक नेता’ के फॉर्मूले पर चलना होगा. उन्होंने कहा कि हर मस्जिद में एक डंडा होना चाहिए ताकि आत्मरक्षा की जा सके. उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी की लड़ाई में मुसलमानों का बड़ा योगदान रहा है, लेकिन आज जानबूझकर बेगुनाहों को निशाना बनाया जा रहा है और सिर्फ आरोपों के आधार पर घर गिराए जा रहे हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

