Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत कई मंत्री बारामती पहुंचे हैं. वे विद्या प्रतिष्ठान मैदान में अजित पवार के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और अंतिम दर्शन करेंगे.
अजित पवार की याद में बारामती में एक स्मारक का निर्माण किया जाएगा. उनका अंतिम संस्कार कल सुबह उनके पैतृक गांव काटेवाड़ी, बारामती में किया जाएगा. आज शाम से उनके पार्थिव शरीर को विद्या प्रतिष्ठान के मैदान में रखा जाएगा ताकि आम जनता उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे.
विमान हादसे में अजित पवार की मृत्यु
NCP नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को ले जा रहा एक विमान बारामती में हादसे का शिकार हो गया. इस हादसे में अजित पवार सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई है. बुधवार सुबह महाराष्ट्र के बारामती में लैंड के वक्त प्लेन क्रैश हो गया. अजित पवार चुनाव प्रचार के लिए बारामती जा रहे थे. अभी तक यहा साफ नहीं हो पाया है कि विमान ने क्रैश लैंडिंग की या कोई तकनीकी खराबी चलते ये हादसा हुआ है. घटना के बाद प्राइवेट चार्टर विमान पूरी तरह से जल गया है.
ये भी पढ़ें: LIVE: अजित पवार के निधन से देश स्तब्ध, महाराष्ट्र में 3 दिन का राजकीय शोक
मैंने एक विशाल हृदय वाला मित्र खो दिया- CM फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अजित पवार को भावुक श्रद्धांजलि दी है. उन्होंने ‘X’ पर पोस्ट में लिखा, “दादा अब हमारे बीच नहीं रहे. मेरे प्रिय मित्र और सहयोगी, जन-जन से गहरा जुड़ाव रखने वाले जननेता, उपमुख्यमंत्री अजित दादा पवार का विमान हादसे में निधन हो गया. यह समाचार अत्यंत चौंकाने वाला और हृदयविदारक है. मैं स्तब्ध हूं. इस पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना मेरे लिए संभव नहीं है. मैंने एक विशाल हृदय वाले, साहसी मित्र को खो दिया है. यह मेरे लिए एक दुखद और व्यक्तिगत क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती. प्रिय दादा को मैं अपनी विनम्र और हृदय की गहराइयों से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. उनके पूरे परिवार और एनसीपी परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. इस दुःख और कठिन समय में हम सभी उनके साथ खड़े हैं. इस दुर्घटना में चार अन्य लोगों की भी जान गई है. उनके परिवारों के प्रति भी मेरी हार्दिक संवेदनाएं. हम उनके साथ हैं. मैंने अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और बारामती जा रहा हूं. ॐ शांति.”
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


