अजमेर में एक ही परिवार के तीन लोगों ने आत्महत्या कर ली
Rajasthan Ajmer suicide case: राजस्थान के अजमेर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. आदर्श नगर थाना क्षेत्र के गढ़ी मलियान इलाके में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतकों में पति-पत्नी और उनकी 20 वर्षीय बेटी शामिल हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों ने सल्फास की गोलियां पानी में मिलाकर पी थीं.
मृतकों की पहचान 59 वर्षीय अशोक शर्मा, उनकी 52 वर्षीय पत्नी इंद्रा शर्मा और 20 वर्षीय बेटी दीक्षा शर्मा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब साढ़े सात से आठ बजे के बीच तीनों ने जहरीला पदार्थ खाया. कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. परिजन आनन-फानन में उन्हें अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही आदर्श नगर थाना प्रभारी ओमप्रकाश मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े सबूत जुटाए. जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है. तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है.
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय अशोक शर्मा का बेटा गौरव भी कमरे में मौजूद था. गौरव जयपुर में रहता है और करीब दो दिन पहले ही अजमेर आया था. परिवार की बहू फिलहाल अपने मायके गई हुई थी. अशोक शर्मा फर्नीचर का काम करते थे.
ये भी पढ़ें: पटना में बैठकर US-UK में साइबर ठगी! टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर ऐंठ रहे थे डॉलर, चार आरोपी गिरफ्तार
आत्महत्या की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर परिवार ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया. पुलिस को अभी तक आत्महत्या की स्पष्ट वजह नहीं मिली है. किसी सुसाइड नोट की जानकारी भी सामने नहीं आई है. पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

