अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद
Akhil Bhartiya Akhada Parishad ने वैष्णो देवी में हादसे पर दुख जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है और देश भर के अखाड़ों के मठ मंदिरों में मृत आत्माओं की शांति के लिए विशेष प्रार्थना सभा आयोजित करने की अपील की है. अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री व जूना अखाड़े के अंतर्राष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने इस हादसे को लेकर गहरा शोक व्यक्त किया है और घायलों को शीघ्र ठीक होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है.
Akhil Bhartiya Akhada Parishad ने किया मृत आत्माओं की शांति के लिए हवन यज्ञ
जूना अखाड़ा के वरिष्ठ अध्यक्ष श्रीमहंत प्रेम गिरि गिरि महाराज और जूना अखाड़ा के सभापति श्रीमहंत मोहन भारती महाराज ने इन पुण्य आत्माओं की शांति के लिए हवन यज्ञ किया और ईश्वर से प्रार्थना भी की, इस दुख की घड़ी में मृतकों के परिजनों को दुख सहने की क्षमता प्रदान करें.
श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता, श्री दूधेश्वनाथ पीठाधीश्वर व दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने वैष्णो देवी के अर्धकुंवारी में लैंड स्लाइडिंग से हुए हादसे में मारे गए श्रद्धालुओं की मौत को बहुत ही दुखद बताते हुए श्री दूधेश्वर नाथ महादेव मंदिर में श्रद्धांजलि अर्पित की तथा भगवान से दिवंगत आत्माओं की शांति व परिजनों को यह कठिन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की.
भगवती वैष्णो देवी मृत श्रद्धालुओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें
श्रीमहंत हरि गिरि महाराज, श्रीमहंत प्रेम गिरि महाराज, श्रीमहंत मोहन भारती महाराज व श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि भारी बारिश के चलते कटरा के वैष्णो देवी मंदिर के रास्ते में अर्धकुंवारी के पास प्राकृतिक आपदा लैंड स्लाइड हो गया जिससे बडी संख्या में श्रद्धालुओं की मौत हो गई और बडी संख्या में श्रद्धालु घायल हो गए. इन मृतकों में कई श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के भी है. यह हादसा दुखद तो है ही, साथ ही इससे हुई क्षति की भरपाई कर पाना संभव नहीं है.
Akhil Bhartiya Akhada Parishad मृतकों के परिजनों के साथ खड़ा है
जिन परिवारों ने हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके दुख का अहसास सभी को है. पूरे देश का साधु संत समाज उनके साथ खडा है. मां भगवती वैष्णो देवी से यही प्रार्थना है कि सभी दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को यह दुख-कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें और जो श्रद्धालु घायल हैं, वे जल्द से जल्द स्वस्थ हों.
संतों ने की प्रधानमंत्री मोदी से मदद की अपील
श्रीमहंत हरि गिरि महाराज, श्रीमहंत प्रेम गिरि महाराज, श्रीमहंत मोहन भारती महाराज व श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अपील की कि मृतक श्रद्धालुओं के परिजनों की अधिक से अधिक मदद की जाए और घायलों के इलाज के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए जिससे वे जल्द से जल्द स्वस्थ हो सकें. उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए अखाड़ों और अन्य मठ-मंदिरों व आश्रमों में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित करने की अपील भी की है.
–भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

