Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

अमरावती में खूनी लूडो! जीत की खुशी में शोर मचाया, तो दूसरे गुट ने भागते हुए युवक को घेरकर मार डाला

अमरावती में लूडो खेलने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया.

अमरावती शहर में एक छोटी सी बात ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक युवक की जान चली गई. शनिवार रात लूडो खेलने और जीत का जश्न मनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में खूनी झड़प में बदल गया. इस घटना में 28 वर्षीय जायेद हुसैन खान की चाकू से हमला किए जाने के बाद मौत हो गई.

जानकारी के मुताबिक, अमरावती के बी एंड सी कार्यालय के सामने स्थित एक चाय कैंटीन के पास कुछ युवक रात के समय लूडो खेल रहे थे. खेल खत्म होने के बाद जीत की खुशी में युवक जश्न मनाने लगे और वहां शोर होने लगा. इसी दौरान पास में मौजूद दूसरे गुट के कुछ युवकों ने उन्हें शोर कम करने के लिए कहा.

इसी छोटी सी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई. शुरुआत में मामला सिर्फ कहासुनी तक था, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों गुट आमने-सामने आ गए. आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने धारदार चाकू निकाल लिया, जिसके बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया.

भागते युवक को रास्ते में घेरकर किया हमला

हमले से बचने के लिए कुछ युवक वहां से भागने लगे. इसी दौरान आरोपियों ने विद्याभारती महाविद्यालय मार्ग पर जायेद हुसैन खान को घेर लिया और उस पर चाकू से कई वार कर दिए. हमले में जायेद गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के बाद उसके दोस्त तुरंत उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में आक्रोश देखा गया.

पुलिस ने कुछ घंटों में आरोपियों को दबोचा

घटना की जानकारी मिलते ही गाडगे नगर पुलिस, क्राइम ब्रांच की टीम और डीसीपी शाम घुगे मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी.

क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दो आरोपियों शेख समीर शेख जुमन और शेख अमीन शेख जब्बार को हिरासत में ले लिया. वहीं मुख्य आरोपी शेख इमरान शेख महमूद उर्फ गोलू कुरैशी फरार होने की कोशिश कर रहा था.

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी चारपहिया वाहन से भाग रहा था. पुलिस टीम ने उसका पीछा करते हुए यवतमाल टी-पॉइंट के पास उसे पकड़ लिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है.

मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 7 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस अब आगे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.

ये भी पढ़ें: ‘सबका साथ, सबका विकास’ सिर्फ देश नहीं, दुनिया के लिए भी भारत का मंत्र- पीएम मोदी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital