Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

अंडमान-निकोबार आइलैंड: टूरिज्म फेस्टिवल की तैयारी शुरू, LG डॉ. दिनेश शर्मा ने की समीक्षा, मनाई वाल्मीकि जयंती

Lieutenant Governor Dr Dinesh Sharma Andaman tourism festival: अंडमान-निकोबार के LG डॉ. दिनेश शर्मा ने आइलैंड टूरिज्म फेस्टिवल की तैयारियों की समीक्षा की. पर्यटन को भव्य बनाने के निर्देश संग सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई.

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

श्री विजया पुरम: अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा प्रशासनिक कार्यों, पर्यटन संवर्धन और सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर निरंतर सक्रिय नजर आ रहे हैं. लोक निवास, श्री विजया पुरम में उपराज्यपाल ने जहां सूचना, प्रचार एवं पर्यटन निदेशालय (IP&T) द्वारा आयोजित होने वाले आगामी वार्षिक ‘आइलैंड टूरिज्म फेस्टिवल 2026’ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की, वहीं सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर अधिकारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई तथा महर्षि वाल्मीकि जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की.

पर्यटन क्षमता और प्राकृतिक सौंदर्य को वैश्विक मंच पर उभारने का निर्देश

आइलैंड टूरिज्म फेस्टिवल की समीक्षा बैठक के दौरान उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने पर्यटन विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया कि इस वर्ष के महोत्सव को पिछले वर्षों की तुलना में अधिक भव्य, आकर्षक और व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाए. उन्होंने कहा कि इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य द्वीपसमूह की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, अद्वितीय जैव विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य और अपार पर्यटन संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना होना चाहिए. बैठक में मुख्य सचिव ज्ञानेश भारती, आयुक्त-सह-सचिव (पर्यटन), उपराज्यपाल के सचिव और पर्यटन सचिव सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

सतर्कता जागरूकता सप्ताह पर दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ

सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत लोक निवास में आयोजित एक अन्य गरिमामय कार्यक्रम में उपराज्यपाल ने उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा और निष्ठापूर्वक कार्य करने की शपथ दिलाई. उन्होंने आह्वान किया कि प्रशासनिक तंत्र में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. डॉ. शर्मा ने जनहित में शिकायत निवारण प्रणाली और व्हिसल ब्लोअर तंत्र को अधिक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया.

महर्षि वाल्मीकि जयंती पर नमन, आदर्शों को अपनाने का संदेश

इससे पूर्व, उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने महर्षि वाल्मीकि की पावन जयंती पर द्वीपसमूह में निवासरत वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों के साथ महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए. उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित अमर महाकाव्य रामायण मानवता, सत्य, धर्म और सदाचार का शाश्वत संदेश देता है, जिसका अनुसरण कर एक आदर्श समाज का निर्माण किया जा सकता है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital