Andaman Tourism
Andaman Tourism: अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आर्थिक विकास और पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं. प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध यह द्वीप समूह आने वाले समय में भारत की आर्थिक तरक्की का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है. अंडमान के उपराज्यपाल एवं पूर्व राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने यह बात कही. उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के दौर में जिस अंडमान को काला पानी के रूप में जाना जाता था, वह आज देश के लिए अमृत पानी बनने की क्षमता रखता है.
836 द्वीपों में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं
डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में कुल 836 द्वीप हैं, जिनमें से केवल 31 पर आबादी है. बाकी द्वीप प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर हैं. यहां के समुद्र तट, नीला पानी और आसपास की हरियाली पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं. उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है. उड़ानों की संख्या में भी वृद्धि की गई है. दिसंबर में एशिया के 10 देशों के प्रतिनिधियों को चर्चा के लिए अंडमान आमंत्रित किया गया है.
डेस्टिनेशन वेडिंग और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन पर जोर
उपराज्यपाल ने कहा कि अंडमान को डेस्टिनेशन वेडिंग के पसंदीदा स्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में भी प्रयास शुरू किए गए हैं. सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर पर्यटकों को आकर्षित करने की योजना है. सेल्यूलर जेल का लाइट एंड साउंड शो स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और यातनाओं की कहानी प्रस्तुत करता है. इसे देखने वाले दर्शक भावुक हो जाते हैं. विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए भी कार्ययोजना बनाई जा रही है. जल क्रीड़ा, डे टूरिज्म, पक्षी अवलोकन और कारवां पर्यटन को प्रोत्साहित किया जा रहा है. इन गतिविधियों की अनुमतियों की प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है.
काला पानी से अमृत पानी तक का ऐतिहासिक सफर
डॉ. शर्मा ने कहा कि अंडमान की भौगोलिक दूरी के कारण अंग्रेजों ने यहां दंड बस्ती और जेल बनाई थी. स्वतंत्रता सेनानियों को यहां कठोर यातनाएं दी जाती थीं. सेल्यूलर जेल में कैदियों को इस तरह रखा जाता था कि वे एक-दूसरे से संपर्क नहीं कर सकें. वीर सावरकर और उनके भाई एक ही जेल में रहने के बावजूद एक-दूसरे से मिल नहीं पाए थे. नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने अंडमान में भारतीय तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता का संदेश दिया था.
2047 तक हरित पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर का लक्ष्य
डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि पर्यटन विकास के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है. वर्ष 2047 तक पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर को हरित बनाने के लिए सौर ऊर्जा के उपयोग पर जोर दिया जा रहा है. नए हवाई अड्डों के विकास पर भी काम हो रहा है. उन्होंने निकोबार के बंदरगाह को स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज की तर्ज पर विकसित करने की योजना का उल्लेख किया. उनके अनुसार, यह क्षेत्र आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है.
जनजातीय संरक्षण और रोजगार भी प्राथमिकता
उपराज्यपाल ने कहा कि विकास के साथ जनजातीय समुदायों के संरक्षण, जलवायु संतुलन और रोजगार के नए अवसरों पर भी ध्यान दिया जा रहा है. मत्स्य पालन को प्रोत्साहन देने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में काम हो रहा है. इस अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जेपी सैनी भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




