Bharat Express DD Free Dish

आंध्र प्रदेश में एर्नाकुलम एक्सप्रेस हादसा; दो एसी कोच में भीषण आग, एक यात्री की मौत

Andhra Pradesh Train Accident: आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो एसी कोच में भीषण आग लग गई.

Andhra Pradesh Train Accident: आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में रविवार देर रात बड़ा रेल हादसा हुआ. विशाखापत्तनम-दुव्वाडा से एर्नाकुलम जा रही टाटा-एर्नाकुलम सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18189) के दो एसी कोच अचानक आग की चपेट में आ गए. यह घटना एलामंचिली रेलवे स्टेशन के पास सोमवार तड़के करीब 1:30 बजे हुई, जब ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे.

ट्रेन में अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक, पैंट्री कार के पास स्थित B-1 और M-2 एसी कोच में आग भड़क उठी. लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी और दमकल विभाग को सूचना दी. लेकिन जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, दोनों कोच पूरी तरह जल चुके थे. आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए ट्रेन से उतरकर स्टेशन परिसर की ओर भागे. धुएं के कारण पूरा स्टेशन प्रभावित हो गया.

जांच में सामने आया कारण

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बी-1 एसी कोच के ब्रेक जाम होने से आग फैली. इस हादसे में विशाखापत्तनम निवासी 70 वर्षीय चंद्रशेखर सुंदर की जिंदा जलकर मौत हो गई. करीब दो दर्जन यात्री मामूली रूप से झुलस गए और उनका सामान भी जलकर राख हो गया.

रेल सेवाओं पर असर

हादसे के बाद विशाखापत्तनम-विजयवाड़ा रेल रूट पर कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को सुबह 3:30 बजे के बाद वैकल्पिक ट्रेनों और बसों से उनके गंतव्य तक भेजा गया. डीआरएम मोहित ने कहा कि प्रभावित कोचों के यात्रियों को अनाकापल्ली भेजा गया और ट्रेन को अतिरिक्त कोच जोड़कर आगे रवाना करने की तैयारी की जा रही है.

ये भी पढ़ें-उत्तर भारत में घना कोहरे का कहर, 31 दिसंबर तक राहत नहीं

गृह मंत्री ने क्या कहा?

आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगालापुडी अनीता ने इस हादसे पर दुख जताया. उन्होंने अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए. मंत्री ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि रेल सेवाएं जल्द सामान्य करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read