रिपोर्ट- मनीष
Social Media Ban in AP: सोशल मीडिया पर दिन-ब-दिन बढ़ती अभद्रता को देखते हुए आंध्र प्रदेश सरकार ने गंभीर चिंता जताई है. आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने दावोस (स्विट्ज़रलैंड) में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि प्री-टीन्स और टीनएजर्स जिस कंटेंट को सोशल मीडिया पर देखते हैं, उसे वे पूरी तरह समझ नहीं पाते. ऐसे में एक मजबूत कानूनी ढांचे की जरूरत महसूस की जा रही है.
आंध्र प्रदेश में होगा सोशल मीडिया बैन?
आंध्र प्रदेश 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने वाला पहला भारतीय राज्य बन सकता है. राज्य सरकार ने प्री-टीन्स और टीनएजर्स को अभद्र कंटेंट से बचाने के लिए नए नियम लाने के संकेत दिए हैं. सरकार ने बताया कि वह ऑस्ट्रेलिया के नए कानून का अध्ययन कर रही है और उसे आंध्र प्रदेश में लागू करने की संभावना पर विचार किया जा रहा है.
क्या कहा मंत्री नारा लोकेश?
आंध्र प्रदेश सरकार में सूचना प्रौद्योगिकी (IT) मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि सरकार ऑस्ट्रेलिया के उस नए कानून का अध्ययन कर रही है, जिसके तहत 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए टिकटॉक (TikTok), फेसबुक (Facebook) और इंस्टाग्राम (Instagram) जैसी बड़ी सोशल मीडिया सेवाओं के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है.
दावोस में WEF के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि एक निश्चित उम्र से कम के बच्चे सोशल मीडिया पर दिखाए जाने वाले कंटेंट को पूरी तरह समझ नहीं पाते, इसलिए इस दिशा में एक सशक्त कानूनी व्यवस्था समय की जरूरत है.
नारा लोकेश ने जोर देते हुए कहा, “एक खास उम्र से कम उम्र के बच्चों को ऐसे प्लेटफॉर्म पर नहीं होना चाहिए, क्योंकि वे जिस कंटेंट को देखते हैं, उसे पूरी तरह से नहीं समझते हैं. ऐसे में एक मजबूत कानूनी ढांचे की आवश्यकता हो सकती है”.
ये भी पढ़ें: भोजशाला में श्रद्धालुओं का तांता, सूर्यास्त तक जारी रहेगा हवन, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




