माइक्रोसॉफ्ट के गेमिंग (Xbox) की कमान अब एक भारतीय महिला के हाथों में होगी. आशा शर्मा को माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग का नया एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और CEO नियुक्त किया गया है. आशा शर्मा अब फिल स्पेंसर की जगह ले रही हैं, जो पिछले करीब 40 सालों से माइक्रोसॉफ्ट का चेहरा रहे हैं. फिल के रिटायरमेंट के बाद अब आशा शर्मा इस मल्टी-बिलियन डॉलर गेमिंग डिवीजन को आगे बढ़ाएंगी.
माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला ने इस बड़े बदलाव की घोषणा की है. नडेला ने कहा कि वह गेमिंग के भविष्य और कंपनी के विजन को लेकर बहुत उत्साहित हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि आशा सीधे उन्हें रिपोर्ट करेंगी, जो कंपनी के भीतर उनके बढ़ते कद और जिम्मेदारी को दर्शाता है. नडेला के मुताबिक, आशा की लीडरशिप गेमिंग को एक नई ऊंचाई पर ले जाने का काम करेगी.
कौन हैं आशा शर्मा?
आशा शर्मा ने करीब 15 साल टेक्नोलॉजी और ऑपरेशंस के क्षेत्र में लीडरशिप भूमिकाएं निभाई हैं. आशा ने अपनी पढ़ाई मिनेसोटा यूनिवर्सिटी के कार्लसन स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से पूरी की है. उन्होंने साल 2011 में माइक्रोसॉफ्ट से ही अपने करियर की शुरुआत की थी, तब वह मार्केटिंग विभाग का हिस्सा थीं. दो साल बाद वह ‘पोर्च समूह’ में चली गईं, जहां उन्होंने COO के तौर पर सेल्स, इंजीनियरिंग और मार्केटिंग जैसी कई टीमों को लीड किया.
साल 2017 में उन्होंने मेटा (फेसबुक) जॉइन किया. यहां उन्होंने इंस्टाग्राम डायरेक्ट और मैसेजिंग के हेड ऑफ प्रोडक्ट के तौर पर काम किया. टेक की दुनिया में उनके काम की काफी सराहना हुई. 2024 में आशा वापस माइक्रोसॉफ्ट लौटीं. इस बार वह ‘प्रेसिडेंट ऑफ कोर AI प्रोडक्ट्स’ की भूमिका में थीं, जहाँ उन्होंने AI ऐप्स और डेवलपर टूल्स पर फोकस किया.
गेमिंग का नया दौर
अपनी नई भूमिका को लेकर आशा शर्मा काफी स्पष्ट हैं. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता उन लाखों Xbox फैन्स और प्लेयर्स के भरोसे को बनाए रखना है, जो पिछले 25 सालों से माइक्रोसॉफ्ट के साथ जुड़े हुए हैं.
उन्होंने एक बहुत पते की बात कही कि ‘गेमिंग अब केवल किसी एक हार्डवेयर (जैसे कंसोल) तक सीमित नहीं रह गई है.’ आज के दौर में गेमिंग हर डिवाइस पर पहुंच चुकी है, चाहे वो मोबाइल हो, पीसी हो या क्लाउड. आशा का लक्ष्य गेमिंग को और भी ज्यादा सुलभ और ग्लोबल बनाना है.
इस फेरबदल के साथ मैट बूटी (Matt Booty) को एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ कंटेंट ऑफिसर बनाया गया है. वह अब आशा शर्मा को रिपोर्ट करेंगे.
यह भी पढ़े: ‘पूर्वोत्तर से लेकर कश्मीर तक शांति…’, CRPF के स्थापना दिवस पर आयोजित परेड में क्या बोले अमित शाह?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

