भारतीय पैरा एथलीटों की ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी का संदेश
PM Modi congratulates athletes: एशियन पैरा गेम्स 2026 (Asian Para Games 2026) में शानदार प्रदर्शन करने के बाद भारतीय पैरा एथलीट स्वदेश लौट आए हैं. जापान के आइची-नागोया में आयोजित इन खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने 114 पदक जीतकर नया इतिहास रचा. इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे भारतीय दल को बधाई दी और कहा कि यह देश के लिए गर्व और खुशी का पल है. दिल्ली एयरपोर्ट पर भी खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया.
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि भारत ने एशियन पैरा गेम्स में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है. उन्होंने बताया कि रिकॉर्ड 114 पदक जीतना भारतीय खेलों के लिए बड़ी उपलब्धि है. पीएम ने दल के हर सदस्य को उनके मजबूत इरादे और मेहनत के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता ने देश के अनगिनत लोगों को प्रेरित किया है.
What an extraordinary achievement by our para-athletes at the just concluded Asian Para Games 2026!
With a record 114 medals, this marks India’s best-ever performance at the Games. This is an occasion of immense pride and joy for the entire nation!
I congratulate every member of our contingent for their exceptional determination. Each athlete has contributed to this historic achievement and inspired countless Indians with their accomplishments.
— Narendra Modi (@narendramodi) October 25, 2026
30 गोल्ड समेत भारत ने जीते 114 मेडल
एशियन पैरा गेम्स के पांचवें संस्करण में भारत ने कुल 114 पदक अपने नाम किए. इनमें 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक शामिल हैं. इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा. भारतीय खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, लेकिन एथलेटिक्स में सबसे ज्यादा सफलता मिली.
भारत के कुल 114 पदकों में से 65 पदक एथलेटिक्स स्पर्धाओं में आए. इससे पता चलता है कि ट्रैक और फील्ड मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने किस तरह अपना दम दिखाया.
ये भी पढ़ें: ओडिशा में पीएम मोदी के स्वागत की अनोखी तैयारी, सुदर्शन पटनायक ने 8 फुट ऊंची सैंड आर्ट से दिखाई खास कला
पिछले रिकॉर्ड को भी छोड़ा पीछे
भारत का इससे पहले एशियन पैरा गेम्स में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हांगझोऊ में 2023 में हुआ था. उस दौरान भारतीय दल ने 27 स्वर्ण सहित कुल 108 पदक जीते थे. इस बार भारत ने छह पदक ज्यादा जीतकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया.
इस प्रदर्शन की खास बात यह भी रही कि भारत ने पिछले संस्करण के मुकाबले 135 कम एथलीट भेजे थे. इसके बावजूद खिलाड़ियों ने अधिक पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया. उनकी यह उपलब्धि मेहनत, तैयारी और दृढ़ संकल्प की मिसाल बन गई है. स्वदेश लौटे खिलाड़ियों की सफलता से देशभर के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




