India Astrology Prediction 2026: साल 2025 अपनी खट्टी-मीठी यादों के साथ विदा ले रहा है और हम नए साल की दहलीज पर खड़े हैं. ऐसे में हर देशवासी के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आने वाला साल 2026 भारत के लिए कैसा रहेगा? क्या भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का सपना पूरा कर पाएगा? ज्योतिषीय गणनाओं और ग्रहों की चाल पर नजर डालें तो भारत और देश के ‘राजा’ यानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुंडली एक ऐसे ‘स्वर्णिम काल’ का संकेत दे रही है, जिसका इंतजार सदियों से था.
स्वतंत्र भारत की कुंडली पर नजर डालें तो यहां वृषभ लग्न उदय होता है और चंद्रमा अपनी ही राशि कर्क में विराजमान है. ज्योतिषीय विश्लेषण के अनुसार, शनि यहां ‘योग कारक’ की भूमिका में है. शनि का यह प्रभाव निश्चित तौर पर भारत को स्थायी रूप से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की ओर ले जा रहा है. गणना बताती है कि 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में भारत यह मुकाम हासिल कर लेगा.
पीएम मोदी का भारत पर असर
किसी भी देश का भविष्य उसके मुखिया या राजा की ग्रह दशा पर बहुत हद तक निर्भर करता है. भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुंडली और भारत की कुंडली इस समय अद्भुत ‘कदम ताल’ मिला रही है.
मंगल की महादशा और सूर्य दशमेश
पीएम मोदी इस समय मंगल की महादशा से गुजर रहे हैं, जो 2021 में शुरू हुई थी और 2028 तक रहेगी. मंगल ऊर्जा और पराक्रम का कारक है. यह साफ दर्शाता है कि 2025, 2026, 2027 और 2028 भारत के लिए निश्चित तौर पर ‘स्वर्णिम वर्ष’ रहेंगे. इस दौरान पीएम मोदी के आसपास कोई राजनीतिक प्रतिद्वंदी टिकता नजर नहीं आ रहा.
पीएम मोदी की कुंडली में सूर्य दशमेश (कर्म भाव का स्वामी) होकर एकादश (11वें) भाव में बैठा है. यह करियर, नाम, शोहरत, पैसा और जमीन किसी भी रूप में हो सकता है. यानी 2026 पूरी तरह से सूर्य के प्रभाव वाला साल होगा, जो भारत की साख को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.
2026 का अंकगणित ‘इनफनाइट पावर’
साल 2026 का अंक ज्योतिष के हिसाब से विश्लेषण बेहद रोचक है. जब हम 2026 को जोड़ते हैं (2+0+2+6), तो योग 10 आता है. अंक 1 सूर्य का प्रतीक है और उसके पीछे लगा 0 (शून्य) उसे ‘अनंत’ (Infinite) बनाता है. यानी यह साल सूर्य को अनंत शक्ति देने जा रहा है.
ग्रहों की चाल बताती है कि जहां 2026 और 2027 अमेरिकी अर्थव्यवस्था और डोनाल्ड ट्रंप के लिए मुश्किल भरे हो सकते हैं, वहीं भारत इन चुनौतियों को अवसर में बदलेगा. यूएस टैरिफ की वजह से भारत को जो थोड़ी-बहुत दिक्कतें आ रही हैं, 2026 में उनसे पूरी तरह निजात मिल जाएगी.
ये भी पढ़ें: 2026 में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की कैसी रहेगी किस्मत?
2028 से पहले विश्वगुरु का तिलक
पीएम मोदी का शासन आने वाला समय में सूर्य के तेज और शनि के अनुशासन का मिश्रण होगा. ज्योतिषीय संकेत साफ हैं कि पीएम मोदी का शासन अभी काफी साल रहेगा. यह वह दौर होगा जब पश्चिमी देश जिन्होंने कभी भारत से ‘जगतगुरु’ का दर्जा छीना था, वे खुद वापस आकर भारत को वही ताज पहनाएंगे. 2028 के बाद जब पीएम मोदी की कुंडली में राहु की 18 साल की महादशा आएगी, उससे पहले ही भारत के माथे पर विश्वगुरु का तिलक लग चुका होगा.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




