Bharat Express DD Free Dish

बदायूं में शादी का झांसा देकर बनाया अश्लील वीडियो, फिर वायरल करने की धमकी दी तो युवती ने पी लिया तेजाब

UP News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है. बिसौली कोतवाली इलाके में एक युवती ने तेजाब पीकर अपनी जान दे दी.

Young woman dies after drinking acid.

तेजाब पीने से युवती की मौत

UP News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है. बिसौली कोतवाली इलाके में एक युवती ने तेजाब पीकर अपनी जान दे दी. बताया जा रहा है कि तेजाब पीने के बाद उसकी हालत बहुत ज्यादा खराब हो गई थी. घरवालों ने उसे पहले पास के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखकर उसे तुरंत मुरादाबाद रेफर कर दिया. मुरादाबाद में इलाज के दौरान सोमवार की रात युवती ने दम तोड़ दिया. परिवार वालों ने गांव के ही एक लड़के पर बहुत गंभीर आरोप लगाए हैं.

शादी का वादा करके युवती के करीब आया आरोपी

मृतका के परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी की दोस्ती बिसौली के करखेड़ी गांव के रहने वाले जीशान नाम के युवक से हुई थी. आरोप है कि जीशान ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया और उसे अपने प्यार के जाल में फंसा लिया. इसी दौरान उसने युवती के साथ नजदीकियां बढ़ाईं और चुपके से उसके निजी फोटो और वीडियो बना लिए. जब युवती ने उससे शादी करने के लिए कहा तो वह मुकर गया. परिजनों का आरोप है कि शादी से मना करने के बाद वह युवती को ब्लैकमेल करने लगा.

पिता को फोन करके दी गंदी वीडियो वायरल करने की धमकी

युवती के भाई ने मंगलवार को बिसौली थाने में जो शिकायत दी है, उसमें उसने पूरी घटना बताई है. भाई ने बताया कि 27 सितंबर को शाम करीब साढ़े छह बजे आरोपी जीशान ने युवती के पिता के मोबाइल पर फोन किया था. फोन पर उसने कहा कि अपनी बेटी को समझा लो, वरना उसके प्राइवेट फोटो और वीडियो इंटरनेट पर डाल दूंगा. इसके बाद उसने युवती से भी सीधे बात की और उसे भी वही धमकी दी. परिवार का दावा है कि इस धमकी भरी बातचीत के स्क्रीनशॉट भी उनके पास सबूत के तौर पर मौजूद हैं.

लगातार धमकियों से तंग आकर उठाया खौफनाक कदम

घरवालों के मुताबिक जीशान की धमकियों के बाद युवती बहुत ज्यादा डर गई थी. वह अंदर ही अंदर घुट रही थी और काफी परेशान रहने लगी थी. आरोप है कि इसी डर और टेंशन में उसने अपना मोबाइल फोन फेंक दिया और बाथरूम में जाकर तेजाब पी लिया. तेजाब पीते ही उसकी हालत बिगड़ने लगी और वह तड़पने लगी. परिवार वाले जब तक कुछ समझ पाते, उसकी हालत काफी गंभीर हो चुकी थी. आनन-फानन में परिजन उसे लेकर अस्पताल भागे.

मुरादाबाद में इलाज के दौरान तोड़ा दम

पहले उसे बिसौली के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया. मुरादाबाद के डॉ. लाल सिंह मेमोरियल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन जहर पूरे शरीर में फैल चुका था. सोमवार की देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इसके बाद परिवार ने वहीं मुरादाबाद में ही पोस्टमार्टम कराया और शव को गांव ले आए. मंगलवार को मृतका के भाई ने थाने पहुंचकर इंसाफ की गुहार लगाई.

ये भी पढ़ें-वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत के बाद केली कुंज आश्रम में बड़ा बदलाव, सफेद-पीले अचले पर लगी रोक

जांच के बाद दर्ज होगी FIR- पुलिस

इस पूरे मामले पर बिसौली कोतवाली के इंस्पेक्टर सर्वेंद्र शर्मा का बयान भी सामने आया है. उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार की तरफ से एक लिखित शिकायत मिली है. पुलिस ने प्रार्थना पत्र ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर जल्द ही एफआईआर दर्ज करके आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read