Bharat Express DD Free Dish

एक-दूसरे को थामे रह गईं तीन जिंदगियां, आग ने उजाड़ दिया पूरा परिवार

Bakhtiyarpur Fire News: बख्तियारपुर के बाईपास इलाके में शिव चर्चा के बाद आरती की थाल से पर्दे में आग लगने से एक ही परिवार की तीन महिलाओं की मौत हो गई. हादसे में पंकज कुमार की पत्नी रीमा देवी, मां गीता देवी और छह माह की बच्ची आस्था की दम घुटने व झुलसने से जान चली गई.

Greater Noida Yamuna Expressway Accident

Greater Noida Yamuna Expressway Accident- bharat express

Bakhtiyarpur Fire News: बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के बाईपास इलाके में रविवार को दर्दनाक अगलगी की घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. पंकज कुमार के घर में शिव चर्चा के बाद आरती की थाल से पर्दे में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. हादसे में पंकज कुमार की पत्नी रीमा देवी (45), मां गीता देवी (70) और छह माह की बच्ची आस्था की दम घुटने और झुलसने से मौत हो गई.

आरती के बाद सभी चले गए, घर में अकेली थीं महिलाएं

पंकज कुमार ने बताया कि उनके घर में शिव चर्चा के बाद आरती हुई थी. आरती समाप्त होने के बाद सभी लोग प्रसाद लेकर अपने-अपने घर चले गए. इसके बाद वह किसी काम से छत पर चला गया. कुछ देर बाद जब वह नीचे लौटा तो घर में आग लगी हुई थी. आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि अंदर जाना मुश्किल हो गया. पंकज ने किसी तरह अपने बेटे के साथ छत से कूदकर अपनी जान बचाई.

एक-दूसरे को पकड़े मिलीं तीनों

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग बुझाने के बाद घर के अंदर तीनों मृतक एक ही स्थान पर मिली. बताया गया कि तीनों एक-दूसरे को पकड़े हुए थीं. घटना का यह दृश्य बेहद मार्मिक था. हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.

बड़ी दमकल गाड़ियों की व्यवस्था का निर्देश

एसडीपीओ आयुष श्रीवास्तव ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि बख्तियारपुर में दमकल की बड़ी गाड़ियों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में तत्काल राहत और बचाव कार्य किया जा सके. वहीं, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यदि दमकल की बड़ी गाड़ियां समय पर उपलब्ध होतीं तो संभव है कि तीनों को बचाया जा सकता था.

यह भी पढ़ें: ’70 वाला देसी पव्वा मार लिया क्या…!’ जब सड़क पर किंग कोबरा ने दिखाए गजब के करतब, Video वायरल

अस्पताल में मचा रहा कोहराम

तीन लोगों की मौत के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने दो शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की ओर से अगलगी के कारणों की भी जांच की जा रही है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read