Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

कर्नाटक: भारी बारिश के कारण बेंगलुरु में इमारत ढहने से 1 व्यक्ति की मौत

बेंगलुरु के हेनूर के पास छह मंजिला निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम चल रहा था. रिपोर्ट के अनुसार दो लोगों को बचा लिया गया है.

ढही इमारत.

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक निर्माणाधीन इमारत ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य के फंसे होने की खबर है. पिछले हफ्ते से शहर में भारी बारिश हो रही है. मंगलवार को सूचना मिलने के बाद बचाव दल पूर्वी बेंगलुरु के बाबूसापल्या पहुंच गए हैं, जहां इमारत स्थित है और मलबा हटाने और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं.

कर्नाटक में भारी बारिश के कारण सामान्‍य जन जीवन अस्‍त-व्‍यस्‍त हो गया है. बारिश ने सबसे ज्‍यादा कहर बेंगलुरु में मचाया है. शहर के कई हिस्सों में जलभराव के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. बेंगलुरु के बाहरी इलाके येलहंका में एक अपार्टमेंट परिसर के निवासियों को भी भारी बाढ़ के बाद नावों का उपयोग करके निकाला गया.

मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने क्या कहा

बारिश की स्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने मैसूर में कहा, “हमने इसको लेकर कदम उठाए हैं और हम भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान के लिए राहत प्रदान करने के लिए तैयार हैं.” मीडिया से बात करते हुए सीएम ने कहा, “हम बारिश से जुड़ी आपदाओं पर करीब से नजर रखे हुए है. सभी तैयारियां कर ली गई हैं और साइट सर्वे का काम चल रहा है. हम सभी जरूरी राहत मुहैया कराएंगे.”

कई इलाकों में भरा पानी

बेंगलुरु में कई निचले इलाकों में पानी भर गया है. जिससे रोजमर्रा की जिंदगी पर असर पड़ा है. येलहंका के निचले इलाकों में लोग भारी जलभराव की समस्‍या से जूझ रहे हैं. येलहंका ओल्ड टाउन रोड पूरी तरह से जलमग्न हो गया है, जिससे बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की बस और कई अन्य वाहन इंजन में पानी घुसने की वजह से बंद हो गए हैं.

60 घर पानी में डूबे

अधिकारी ट्रैफिक को सुचारू करने के लिए और सड़कों से वाहनों को हटाने के लिए क्रेन का इस्तेमाल कर रहे हैं. चिक्काबोम्मासांद्रा में 60 से ज्‍यादा घर पानी में डूब गए हैं, जबकि अंबेडकर नगर में बढ़ते जलस्तर के कारण कई लोगों को अपने घर खाली करने पड़े हैं, जिससे लोगों को बहुत परेशानी हो रही है और उनकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है. मंगलवार को भी बेंगलुरु शहर में बादल छाए रहे और यहां भारी बारिश का अनुमान है. वहीं अधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है.

(समाचार एजेंसी IANS से इनपुट के साथ)

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital