भागलपुर में भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू तांती की हत्या के बाद अस्पताल में जुटे परिजन व पुलिस कर्मी.
Bhagalpur News:अंजनी कुमार कश्यप/भागलपुर: बिहार के भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से पूरे इलाके में सनसनी और तनाव फैल गया है.
भागलपुर में भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू तांती की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. परिजनों ने काली पूजा समिति के विवाद और प्लॉटिंग रंजिश को लेकर नामजद आरोप लगाए हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, वहीं भाजपा नेताओं ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है.
काली स्थान से लौटते वक्त घात लगाकर हमला
कुतुबगंज (वार्ड 51) निवासी भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू तांती शुक्रवार को मोटरसाइकिल से काली स्थान से घर लौट रहे थे. ठठेरी टोला स्थित मां तारा होटल के पास बाइक सवार अपराधियों ने हाथ देकर उन्हें रोका. जैसे ही उन्होंने गाड़ी रोकी, हमलावरों ने बिना कोई मौका दिए प्वाइंट ब्लैंक रेंज से उनकी कनपटी में गोली मार दी. गोली लगते ही वे सड़क पर गिर पड़े. परिजन उन्हें आनन-फानन में जेएलएनएमसीएच (मायागंज) अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
काली पूजा समिति और प्लॉटिंग विवाद का आरोप
परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में हत्या के पीछे गहरी रंजिश का खुलासा किया है. उनका आरोप है कि स्थानीय काली पूजा समिति के अध्यक्ष पद को लेकर पूर्व अध्यक्ष शशि मोदी के साथ विवाद चल रहा था. परिजनों ने शशि मोदी के भांजे कृष्णा मोदी और उसके साथियों पर हत्या की साजिश रचने का सीधा आरोप लगाया है. इसके अलावा जमीन की प्लॉटिंग और राजनीतिक वर्चस्व का विवाद भी सामने आ रहा है.
पुलिस जांच में जुटी, भाजपा नेताओं ने जताया शोक
घटना की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी टू राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए हत्यारों की पहचान में लगी है. वारदात के बाद स्थानीय भाजपा विधायक रोहित पांडेय अस्पताल पहुंचे और त्वरित कार्रवाई की मांग की. वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसे पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की.
यह भी पढ़ें-नागपुर का BSc पास लूटेरा…,आखिर किस मजबूरी ने बनाया पढ़े-लिखे को चोर?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



