Bhopal Road Accident: राजधानी भोपाल के बैरसिया थाना इलाके में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. विधा विहार स्कूल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडिंग वाहन आमने-सामने भिड़ गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बारह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.
मृतक विदिशा जिले के निवासी
सूत्रों के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग विदिशा जिले के सिरोंज क्षेत्र के निवासी थे. बताया जा रहा है कि मकर संक्रांति पर परिवारजन लोडिंग वाहन से होशंगाबाद स्नान के लिए रवाना हुए थे. जैसे ही वाहन विधा विहार स्कूल के पास पहुंचा, सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भयावह थी कि गाड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गई और अंदर बैठे कई लोग उसमें फंस गए.
अस्पताल पहुंचे अधिकारी और विधायक
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए. घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम हेतु भेज दिए गए. इस बीच बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा, एएसपी नीरज चौरसिया, टीआई वीरेंद्र सेन और स्थानीय विधायक विष्णु खत्री भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों का हालचाल लिया और डॉक्टरों को निर्देश दिए कि सभी मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज उपलब्ध कराया जाए.
तेज रफ्तार बनी वजह
एसडीएम आशुतोष शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. हालांकि, उन्होंने कहा कि असली कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी.
ये भी पढ़ें-BMC चुनाव से पहले कांग्रेस ने शिवसेना UBT को बताया धोखेबाज, बीजेपी को भी घेरा
सीधी में भी हादसा
इसी दिन सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र में भी एक सड़क दुर्घटना हुई. सीधी-रीवा मार्ग पर नकटा नाला के पास ट्रेवल्स बस और बाइक की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई. बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल युवक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ बैठा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

