छत्तीसगढ़ के धमतरी से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक अस्थायी चर्च में कथित चंगाई सभा आयोजित किए जाने की शिकायत के बाद शहर में तनाव का माहौल बन गया. हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि सभा की आड़ में धर्मांतरण करवाने की कोशिश की जा रही है. मामले की जानकारी मिलते ही कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता सक्रिय हो गए और शहर के अलग-अलग वार्डों में दबिश देने लगे.
बताया जा रहा है कि चर्च के बाहर हिंदू संगठनों और कथित पास्टरों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक भी हुई. स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण होती देख पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए चर्च के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों की भारी भीड़ भी देखने को मिली.
महिला ने किया हिंदू संगठनों का विरोध
मौके पर मौजूद एक महिला ने हिंदू संगठनों के आरोपों का विरोध करते हुए कहा कि वह किसी दबाव में नहीं बल्कि अपनी इच्छा से सभा में शामिल होने आई है. महिला का कहना था कि यहां किसी प्रकार का जबरदस्ती धर्मांतरण नहीं कराया जा रहा है. इसके बावजूद संगठन के कार्यकर्ता लगातार सभा में शामिल लोगों से सवाल-जवाब करते नजर आए.
इसी दौरान पुलिस अधिकारियों ने कथित पास्टरों से सभा में आने-जाने वाले लोगों की सूची और जरूरी दस्तावेज मांगे. इस पर पास्टरों की ओर से कहा गया कि कुछ दस्तावेज पहले ही थाने में जमा कराए जा चुके हैं. हालांकि पुलिस ने रोजाना आने वाले सभी लोगों की पूरी सूची तत्काल उपलब्ध कराने को कहा. इस पर पास्टर ने जवाब दिया कि सूची फिलहाल उसके पास नहीं है और उसे चर्च से मंगवाना पड़ेगा.
हिंदू संगठनों ने किया हंगामा
दस्तावेज तुरंत उपलब्ध नहीं होने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया और लगातार सूची दिखाने की मांग करते रहे. इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने वहां मौजूद लोगों से उनकी धार्मिक पहचान को लेकर भी सवाल पूछे. एक युवक ने जवाब देते हुए कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत इच्छा का मामला है और इस विषय पर अधिकारियों से बात की जाए.
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं इस घटना के बाद शहर में चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढ़ें:शासन की रोक को भी ठेंगा! आजमगढ़ में 10 ‘अवैध’ अध्यापकों को बांट दिए 51 लाख रुपये… अब नपे 2 बड़े अफसर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
