Bihar Election 2025: विधानसभा चुनाव के नतीजे आते ही सियासी हलचल तेज हो गई है. NDA ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 243 सीटों में से 202 सीटों पर कब्जा जमाया और एक बार फिर से सत्ता में वापसी की. वहीं इंडिया महागठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ा और वह महज 35 सीटों पर सिमट गया. इस बीच कारोबारी और कांग्रेस परिवार से जुड़े रॉबर्ट वाड्रा का बयान सामने आया है, जिसने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है.
रॉबर्ट वाड्रा का बयान
रॉबर्ट वार्डा ने कहा कि बिहार में विधानसभा चुनाव ढंग से नहीं हुआ और वहां दोबारा चुनाव कराए जाने चाहिए. उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए और दावा किया कि नतीजों से जनता खुश नहीं है. वाड्रा ने कहा कि जो कुछ हुआ है वह चुनाव आयोग की वजह से हुआ है और आयोग ने मदद की है. NDA का नाम सीधे तौर पर लिए बिना उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम से कोई भी सहमत नहीं है और न ही खुश है.
पलट जाएंगे नतीजे- वाड्रा
वाड्रा ने आगे बताया कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सोमवार को लोगों से मुलाकात करेंगे और युवाओं को लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन से जोड़ेंगे. उन्होंने कहा कि देश बदलाव चाहता है और अगर दोबारा चुनाव हुए तो नतीजे पलट जाएंगे. वाड्रा का दावा है कि सरकार के गलत कामों से युवा नाराज़ हैं और वे लोकतंत्र के लिए लड़ाई लड़ेंगे.
इस दौरान वाड्रा ने अपने धार्मिक दौरे का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि वह मध्यप्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर आए हैं और उज्जैन सहित अन्य तीर्थ स्थलों की यात्रा करेंगे.
NDA को प्रचंड बहुमत
बिहार चुनाव के नतीजों की बात करें तो NDA को प्रचंड बहुमत मिला है. बीजेपी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है जबकि JDU ने 85 सीटें जीतीं. इसके अलावा चिराग पासवान की LJP(R) ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की. महागठबंधन का प्रदर्शन बेहद खराब रहा और वह 35 सीटों पर ही सिमट गया.
कुल मिलाकर, NDA की जीत ने जहां सत्ता में उनकी पकड़ मजबूत कर दी है, वहीं विपक्षी खेमे में असंतोष और सवाल उठने लगे हैं. रॉबर्ट वाड्रा का बयान इस बहस को और तेज कर रहा है कि क्या बिहार में दोबारा चुनाव की मांग को लेकर कोई बड़ा आंदोलन खड़ा हो सकता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

