Hijab Politics Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर सुर्खियों में हैं. सोमवार को पटना में आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांटने के एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का हिजाब (Hijab) उतारा. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
वीडियो में दिख रहा है कि नीतीश कुमार नुसरत परवीन नाम की महिला डॉक्टर को नियुक्ति पत्र दे रहे थे. पत्र देते समय उन्होंने महिला डॉक्टर से पूछा, “ये क्या है जी.” और फिर हिजाब को हाथ से खींच लिया. इस दौरान वहां कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय भी मौजूद थे.
एक स्कूल की छात्रा को महजब की जंजीरों से आजाद करते नीतीश कुमार जी ❤️ pic.twitter.com/ElkEuplU45
— Rohit (@Iam_Rohit_G) December 15, 2025
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. यह घटना 1283 आयुष डॉक्टरों को पत्र बांटने के समारोह में हुई.

विपक्ष नेता बोले- यह सीएम की बेशर्मी
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इस हरकत को बेशर्मी बताया है. उनके आधिकारिक एक्स अकाउंट से पोस्ट किया गया, “ये बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं. इनकी बेशर्मी देखिए- एक महिला डॉक्टर जब अपना नियुक्ति पत्र लेने आई तो नीतीश कुमार ने उनका हिजाब खींच लिया.” पार्टी ने कहा कि नीतीश को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए.
आरजेडी ने भी वीडियो शेयर कर सवाल उठाया, “नीतीश जी को क्या हो गया है? उनकी मानसिक स्थिति दयनीय हो गई है, या नीतीश बाबू 100 प्रतिशत संघी हो गए हैं?” सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इसे महिलाओं की असुरक्षा का प्रतीक बताया. कुछ ने कहा कि मुख्यमंत्री पद पर बैठे व्यक्ति की यह हरकत शर्मनाक है.
‘महिला को मजहब की जंजीरों से आजाद किया’
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुछ समर्थकों ने इसे गलतफहमी बताया. एक एक्स पोस्ट में कहा गया, “एक स्कूल की छात्रा को मजहब की जंजीरों से आजाद करते नीतीश कुमार जी.” लेकिन ज्यादातर प्रतिक्रियाएं नकारात्मक हैं. वीडियो में नीतीश हंसते हुए नजर आ रहे हैं, जो विवाद को और बढ़ा रहा है.
यह घटना बिहार की राजनीति में नया मोड़ ला सकती है. विपक्ष इसे सियासी मुद्दा बना रहा है. महिलाओं के सशक्तिकरण की बात करने वाली सरकार पर अब सवाल उठ रहे हैं. नीतीश कुमार की ओर से अब तक कोई स्पष्टीकरण नहीं आया है.
ये भी पढ़ें: BJP के ‘नितिन नबीन’ प्रयोग पर कैसे लगी RSS की मुहर? 3 कारणों की पूरी कहानी
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



