MLC चुनाव से पहले JDU में बगावत
Bihar MLC Election: बिहार में विधान परिषद की वोटिंग नजदीक आते ही सियासी पारा चढ़ने लगा है और जेडीयू के अंदर बड़ी टूट सामने आई है. मोकामा से पार्टी के चर्चित और दबंग विधायक अनंत सिंह ने अब सीधे अपने ही हाईकमान को चुनौती दे दी है. पूरा मामला पटना ग्रेजुएट सीट से जुड़ा हुआ है, जहां से पार्टी ने एक बार फिर अपने मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार पर भरोसा जताते हुए उन्हें मैदान में उतारा है.
नीरज कुमार को दोबारा मौका देने से नाराजगी
जेडीयू ने जैसे ही पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार का नाम फाइनल किया, वैसे ही अनंत सिंह का गुस्सा फूट पड़ा. मोकामा विधायक इस निर्णय से बिल्कुल भी सहमत नहीं हैं. वे नहीं चाहते थे कि नीरज कुमार को दोबारा मौका मिले, इसलिए वे खुलेआम उनके खिलाफ खड़े हो गए हैं. उनके इस तीखे विरोध के बाद पार्टी के अंदर चुनावी सरगर्मी और भी बढ़ गई है.
पार्टी लाइन तोड़ जन सुराज के साथ आए
अनंत सिंह ने तो हद ही कर दी. उन्होंने पार्टी के फैसले को दरकिनार करते हुए इसी सीट पर जन सुराज के कैंडिडेट अनुज सिंह के पक्ष में जाने का ऐलान कर दिया. इतना ही नहीं, बाहुबली विधायक खुद जन सुराज प्रत्याशी का पर्चा भरवाने के लिए उनके साथ मौजूद रहे. इस हरकत से यह साफ जाहिर हो गया है कि अनंत सिंह ने आलाकमान के आदेश को ठेंगा दिखाकर अपना अलग रास्ता चुन लिया है.
JDU में बढ़ी अंदरूनी रार
अपनी ही पार्टी के मुख्य प्रवक्ता के विरुद्ध बगावत का झंडा बुलंद करने और दूसरी पार्टी के उम्मीदवार के नामांकन में शामिल होने से जेडीयू की अंदरूनी लड़ाई अब सतह पर आ गई है. मोकामा विधायक के इस बागी तेवर ने पटना ग्रेजुएट सीट का पूरा समीकरण बदल दिया है और मुकाबला अब बेहद रोचक हो गया है.
ये भी पढ़ें-तालियां रोक नहीं पाए दर्शक, IIT Bombay में जब रोबोट्स ने स्टेज पर किया गजब का डांस
जन सुराज में होंगे शामिल?
पटना स्नातक सीट पर जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के नामांकन में पहुंचकर अनंत सिंह ने सियासी अटकलों को तेज कर दिया है. अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि वे जेडीयू छोड़कर जन सुराज का दामन थामेंगे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





