Urdu Conclave 2026

जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी पर ED का बड़ा शिकंजा, करोड़ों के कथित चिटफंड कांड में निदेशक के ठिकानों पर छापेमारी

मुंगेर की जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े कथित 100 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने कई ठिकानों पर छापेमारी की. जांच एजेंसी कंपनी के निदेशकों, बैंक खातों, शेल कंपनियों और बेनामी संपत्तियों की जांच कर निवेशकों के पैसे का पता लगाने में जुटी है.

Bihar Munger Money Laundering news: बिहार के मुंगेर जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है. दरअसल ‘जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा किए गए करोड़ों रुपये के कथित महा-घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार सुबह-सुबह बहुत बड़ी और कड़क कार्रवाई की है.

सुबह तड़के करीब 5 बजे, जब पूरा शहर सो रहा था, तभी ईडी की टीम आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों के साथ जमालपुर थाना क्षेत्र के नया टोला फुलका स्थित कंपनी के जेल में बंद निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव के आवास समेत कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी. ईडी के अधिकारी निदेशक के परिजनों से कड़ी पूछताछ कर रहे हैं और घर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है.

5000 लोगों का पैसा लेकर भागी थी कंपनी(Bihar Munger ED Raid)

इस ठगी का जो सच सामने आया है, वह बेहद खौफनाक और हैरान करने वाला है. जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी ने लोगों को बहुत कम समय में पैसा दोगुना करने और रातों-रात अमीर बनाने का लुभावना सपना दिखाया था. इसी झांसे में आकर मुंगेर, खगड़िया, बेगूसराय, लखीसराय, भागलपुर और पूरे कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लगभग 5 हजार से ज्यादा आम और मध्यवर्गीय लोगों ने अपनी खून-पसीने की कमाई इसमें लगा दी.

कंपनी ने इन भोले-भाले निवेशकों से कथित तौर पर 1 अरब (100 करोड़ रुपये) से अधिक की भारी-भरकम राशि जुटा ली. शुरुआत में कुछ लोगों को थोड़ा-बहुत रिटर्न देकर भरोसा जीता गया, और फिर करोड़ों रुपये समेटकर कंपनी के आका गायब हो गए.

ये भी पढ़ें: सलमान खान की बढ़ीं मुश्किलें, चंडीगढ़ कोर्ट ने भेजा नोटिस; जानिए पूरा मामला

ED खंगाल रही बेनामी संपत्ति के राज

इस कथित घोटाले की परतें करीब दो साल पहले तब खुली थीं, जब 50 से अधिक पीड़ित निवेशकों ने एक साथ आकर विभिन्न थानों में कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर (FIR) दर्ज कराई. मामले में पुलिस और कोर्ट की सख्ती के बाद कंपनी के मुख्य निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव ने 27 नवंबर 2024 को अदालत में सरेंडर कर दिया था, जिसके बाद से वह जेल में बंद हैं.

अब ईडी (Bihar Munger ED Raid) ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला के जरिए जुटाए गए पैसों की जांच का शिकंजा कस दिया है. मुख्य आरोपी जय धन तांती और प्रिया राजीव रंजन से भी पूछताछ जारी है, जबकि ईडी की टीम बैंक खातों, शेल कंपनियों और बेनामी संपत्तियों के कागजात खंगाल रही है ताकि पीड़ितों का डूबा हुआ पैसा ट्रैक किया जा सके.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read