बिहार के मुंगेर जिले में मुफस्सिल थाने में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) संतोष कुमार सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू यादव के रूप में हुई है.
गुड्डू यादव को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसे ले जा रही थी, तभी पुलिस की गाड़ी एक हादसे का शिकार हो गई और पलट गई. इस दौरान गुड्डू ने भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों से हथियार छीनने का प्रयास किया. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे आरोपी के पैर में गोली लगी. पुलिस ने बताया कि हादसे से पहले गाड़ी एक आम के पेड़ से टकरा गई थी, जिसके कारण गाड़ी का हूटर टूट गया और आगे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया.
घटना पर नेताओं ने दी अपनी प्रतिक्रिया
इस घटना पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा,
“यह घटना बेहद दुखद है. सरकार इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी. अपराध को खत्म करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं. सुशासन के लिए हम सत्ता में हैं और ठोस कदम उठाएंगे. प्रशासन पर कोई हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अपराधियों को चिह्नित किया जाएगा और उन्हें उनकी भाषा में जवाब दिया जाएगा. अगर एनकाउंटर की जरूरत पड़ी तो वह भी किया जाएगा. सरकार ने पुलिस को खुली छूट दी है कि अपराधियों को उनकी समझ की भाषा में सबक सिखाया जाए.”
बिहार के मंत्री प्रेम कुमार ने भी इस हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,
“बिहार में कानून का राज कायम है. जनता के सेवक की हत्या बेहद निंदनीय है. हत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.”
वहीं, बिहार से कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा,
“बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है. इसके लिए बीजेपी और एनडीए जिम्मेदार हैं. बीजेपी हर मुद्दे में सिर्फ राजनीतिक फायदा देखती है और त्योहारों के समय माहौल खराब करने की कोशिश करती है.”
डीआईजी का बयान
मुंगेर के डीआईजी राकेश कुमार ने इस मामले पर कहा, “एएसआई संतोष कुमार एक विवाद को सुलझाने गए थे, जो दो पक्षों के बीच चल रहा था. इस दौरान एक पक्ष ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी जान चली गई. आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी कि भविष्य में कोई पुलिसकर्मी पर हमला करने की हिम्मत न करे. पुलिस ने तीन राउंड फायरिंग कर गुड्डू यादव को गिरफ्तार किया है.”
क्या था पूरा मामला?
दरअसल, शुक्रवार को एएसआई संतोष कुमार सिंह को मुंगेर के नंदलालपुरा इलाके में दो परिवारों के बीच झगड़े की शिकायत मिली थी. इस सूचना पर वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और एक अज्ञात व्यक्ति ने तेज धार वाले हथियार से एएसआई संतोष कुमार के सिर पर हमला कर दिया.
इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत पटना रेफर किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और उनकी मृत्यु हो गई. पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और जांच को तेज कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ें- Jharkhand: गिरिडीह में होली जुलूस को लेकर दो पक्षों में पथराव, कई दुकानों को किया आग के हवाले
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

