Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

‘बिहार चौतरफा विकास की नई ऊंचाई हासिल करेगा’, सम्राट चौधरी को सीएम बनने पर पीएम मोदी ने दी बधाई

बिहार में नई सरकार का गठन हो गया है, जिसमें सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने उन्हें और नए उपमुख्यमंत्रियों को बधाई देते हुए राज्य के तेज़ विकास की उम्मीद जताई है.

बिहार की राजनीति में बुधवार का दिन बड़ा अहम रहा. राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद नई सरकार का गठन हो गया है और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. इस मौके पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा.

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश साझा करते हुए सम्राट चौधरी की तारीफ की. उन्होंने लिखा कि चौधरी की ऊर्जा, जनता की सेवा के प्रति समर्पण और जमीनी समझ राज्य के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी. पीएम ने उम्मीद जताई कि नई सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी और बिहार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी.

डिप्टी सीएम को भी मिली शुभकामनाएं

सिर्फ मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि नए उपमुख्यमंत्रियों को भी बधाइयों का सिलसिला जारी रहा. जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी डिप्टी सीएम पद की शपथ ली. प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका अनुभव और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता बिहार के विकास को नई दिशा देगी.

बीजेपी के राष्ट्रीय स्तर पर भी इस बदलाव को लेकर उत्साह देखा गया. पार्टी के वरिष्ठ नेता नितीन नवीन ने भी सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे “विकसित भारत, विकसित बिहार” के विज़न को आगे बढ़ाने में पूरी निष्ठा से काम करेंगे. उन्होंने इसे बिहार के लिए एक नई शुरुआत बताया और उम्मीद जताई कि सरकार सुशासन और पारदर्शिता के नए मानक स्थापित करेगी.

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बदली तस्वीर

दरअसल, यह पूरा घटनाक्रम नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद शुरू हुआ. उनके पद छोड़ने के बाद राज्य में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदले और नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हुआ. इसके बाद सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई.

राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने राजभवन में आयोजित समारोह में सम्राट चौधरी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. साथ ही, दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने भी अपने पद की शपथ ली.

ये भी पढ़ें- ‘मैं ही राजा मानसिंह था’, 10 साल के बच्चे का दावा; जानें क्या है टोंक का रहस्य?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital