Bharat Express DD Free Dish

Bihar News: विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी और उनकी मां पर कांग्रेस के AI वीडियो से सियासी बवाल, बीजेपी ने बताया मातृशक्ति का अपमान

Bihar News: चुनाव से पहले कांग्रेस के एआई वीडियो ने सियासत गरमा दी है. पीएम मोदी और उनकी मां हीराबेन को दिखाए गए इस वीडियो को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और माफी की मांग की है.

Bihar News: पीएम मोदी और मां हीराबेन पर एआई वीडियो से मचा बवाल

Bihar News: विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गर्म होता जा रहा है. कभी राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में पीएम मोदी और उनकी मां हीराबेन को लेकर दिए गए बयान चर्चा में थे तो अब कांग्रेस की तरफ से जारी एक AI वीडियो ने सियासी भूचाल मचा दिया है.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो

बिहार में कांग्रेस ने हाल ही में एक AI जेनरेटेड वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. वीडियो में पीएम मोदी को सोते हुए दिखाया गया है और उनकी मां हीराबेन आकर उन्हें डांटती नजर आ रही हैं. इसमें इस्तेमाल किए गए बातचीत को बीजेपी ने कड़ा विरोध जताया है. बीजेपी का कहना है कि यह वीडियो न केवल पीएम की मां का बल्कि देश की महिलाओं और गरीब वर्ग का भी अपमान है.

कांग्रेस पर बीजेपी का हमला

बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि यह अब गांधी की कांग्रेस नहीं बल्कि गालियों की कांग्रेस बन गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बार-बार पीएम मोदी की मां का अपमान कर रही है जो शर्मनाक है. वहीं बीजेपी के वरिष्ठ नेता शहनवाज ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी. उनका कहना है कि कांग्रेस को इस वीडियो के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए क्योंकि मोदी की मां अब इस दुनिया में नहीं हैं और उनका मजाक उड़ाना बेहद अंसवेदनशील है.

कांग्रेस ने किया पलटवार

कांग्रेस की तरफ से भी बयान सामने आया है. पार्टी ने कहा कि इस मुद्दे को जानबूझकर राजनीतिकरण किया गया है और बीजेपी इसे बेवजह तूल दे रही है. कांग्रेस का कहना है कि असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के विवादों को उछाला जा रहा है.

टेक्नोलॉजी के दुरुपयोग पर चिंता

इस बीच, गुजरात के सामाजिक कार्यकर्ता और पद्मश्री से सम्मानित मथुरभाई सवानी ने भी इस AI वीडियो को लेकर प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखा है. उन्होंने कहा कि ऐसी तकनीक का गलत इस्तेमाल समाज के लिए खतरनाक है और इसके खिलाफ सख्त नियम बनाए जाने चाहिए. सवानी का कहना है कि वीडियो में जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल हुआ है वह भारतीय संस्कृति और परंपराओं से मेल नहीं खाता है और यह बेहद दुखद है.

पुराना विवाद भी ताजा

यह पहली बार नहीं है जब पीएम मोदी और उनकी मां को लेकर विवाद हुआ हो. पिछले महीने दरभंगा में कांग्रेस और राजद की साझा रैली में भी मंच से पीएम और उनकी मां के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था. उस वक्त खुद प्रधानमंत्री ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उनकी मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था फिर भी कांग्रेस-राजद के मंच से उन्हें अपशब्द कहे गए.

इसे भी पढ़ें-

चुनावी माहौल में विवादों की गरमी

बिहार में चुनावी बिगुल बज चुका है और ऐसे में हर मुद्दा राजनीतिक रंग ले रहा है. कांग्रेस के इस एआई वीडियो ने निश्चित तौर पर चुनावी बहस को और गर्म कर दिया है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में यह विवाद किस मोड़ पर पहुंचता है और जनता इसे किस नजरिए से देखती है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read