Urdu Conclave 2026

‘कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री तक का सफर’; सम्राट चौधरी ने जताया पीएम मोदी का आभार, बोले- बिहार में आएगा सुशासन का नया सवेरा

बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद भाजपा ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुन लिया है, जिससे उनके मुख्यमंत्री बनने की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं.

बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा मोड़ देखने को मिला है. हाल ही में मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद अब सत्ता समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं. इसी कड़ी में भाजपा ने बड़ा फैसला लेते हुए सम्राट चौधरी को बिहार विधानसभा में अपने विधायक दल का नेता चुन लिया है. इस फैसले के बाद उनके लिए राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है.

पटना स्थित भाजपा कार्यालय में हुई विधायक दल की इस अहम बैठक में कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बैठक की अध्यक्षता की. उनके साथ पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा समेत पार्टी के तमाम बड़े नेता शामिल हुए.

लंबी चर्चा के बाद सभी नेताओं की सहमति से सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लगाई गई. इसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने औपचारिक रूप से उनके नाम का ऐलान किया.

सम्राट चौधरी ने जताया आभार

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने पार्टी हाईकमान और केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया. उन्होंने कहा कि वे पिछले तीन दशकों से एक राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में बिहार के लिए काम कर रहे हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उन्होंने लिखा कि पार्टी ने जो भरोसा उन पर जताया है, वह उनके लिए केवल एक पद नहीं बल्कि जनता की सेवा करने का बड़ा अवसर है. उन्होंने यह भी कहा कि वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे.

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का जिक्र

सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी अध्यक्ष के मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा.

नेताओं से मिली बधाइयां

इस फैसले के बाद राजनीतिक हलकों में प्रतिक्रियाओं का दौर भी शुरू हो गया है. राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने उन्हें बधाई दी. वहीं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार को नई दिशा मिलेगी.

यह भी पढ़ें: Samrat Choudhary Net Worth: बिहार के नए सीएम सम्राट चौधरी का ‘नेटवर्थ’ देख रह जाएंगे दंग! जानें कितनी संपत्ति के मालिक हैं?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read