रिपोर्ट-सतीश कुमार
छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में सुरक्षाबलों की सूझबूझ ने नक्सलियों के एक खतरनाक मंसूबे पर पानी फेर दिया है. बीजापुर जिले के लंकापल्ली इलाके में नक्सलियों ने जवानों को निशाना बनाने के लिए सड़क के बीचों-बीच भारी-भरकम आईईडी (IED) प्लांट किया थे, जिसे समय रहते ढूंढ निकाला गया और मौके पर ही डिफ्यूज कर दिया गया.
कैसे बिछाया गया था मौत का जाल?
यह पूरी घटना गुरुवार, 29 जनवरी 2026 की है. डीआरजी (DRG) बीजापुर, ईलमिड़ी थाना पुलिस और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) की 9वीं वाहिनी की एक संयुक्त टीम इलाके की सुरक्षा जांच के लिए सर्चिंग पर निकली थी. जब यह टीम ईलमिड़ी-लंकापल्ली के कच्चे रास्ते से गुजर रही थी, तभी जवानों को कुछ संदिग्ध हलचल और जमीन में छेड़छाड़ के निशान दिखे.
सावधानी बरतते हुए जब ‘डिमाइनिंग’ यानी बारूदी सुरंगों की जांच शुरू की गई, तो सुरक्षाबलों के होश उड़ गए. नक्सलियों ने सड़क के बिल्कुल बीच में 20 से 30 किलोग्राम वजनी दो शक्तिशाली आईईडी छिपा रखे थे. ये इतने ताकतवर थे कि अगर इनमें विस्फोट होता, तो किसी भी बड़े वाहन के परखच्चे उड़ सकते थे.
कमांड स्विच से उड़ाने की थी तैयारी
जांच में यह बात सामने आई है कि इन बमों को ‘कमांड स्विच सिस्टम’ से जोड़ा गया था. इसका मतलब यह है कि नक्सली दूर बैठकर सही वक्त का इंतजार कर रहे थे ताकि जैसे ही जवानों की गाड़ी ऊपर से गुजरे, वे स्विच दबाकर बड़ा धमाका कर सकें. नक्सलियों की योजना सुरक्षाबलों को भारी नुकसान पहुंचाने की थी, लेकिन जवानों की सतर्कता के आगे उनकी एक न चली.
बम की सूचना मिलते ही बीजापुर की बम निरोधक दस्ता (BDS) की टीम को मौके पर बुलाया गया. खतरे की गंभीरता को देखते हुए टीम ने सुरक्षा मानकों का पूरा पालन किया और उन शक्तिशाली आईईडी को वहीं जंगल में सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया. धमाका इतना जोरदार था कि आसपास का इलाका गूंज उठा, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अगर यह साजिश कामयाब होती, तो कितनी बड़ी जनहानि हो सकती थी.
इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
इस सफलता के बाद सुरक्षाबलों का हौसला बुलंद है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों की इस कायरतापूर्ण हरकत का जवाब देने के लिए इलाके में सर्चिंग और ‘एरिया डॉमिनेशन’ अभियान और तेज कर दिया गया है. फिलहाल पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे.
ये भी पढ़ें- बोरी, नदी और कचरे के ढेर में मिली लाशें…चेन्नई में बिहार के एक पूरे परिवार को मौत के घाट उतार डाला
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

