शाहिल/बीकानेर
Bikaner Nokha murder case: नोखा क्षेत्र में हुए चर्चित मनीष जांगू हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. जांच में सामने आया कि यह हत्या किसी बाहरी दुश्मनी का नतीजा नहीं थी, बल्कि अवैध रिश्ते में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने की सोची-समझी योजना थी. इस साजिश को उसकी पत्नी निकिता ने अपने नाबालिग प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दिया.
रिश्तों में दरार और नया संबंध
नागौर जिले के अलाय निवासी मनीष जांगू की शादी कुछ साल पहले निकिता से हुई थी. शुरुआती दौर में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन समय के साथ रिश्तों में खटास आ गई. इसी बीच निकिता की पहचान एक नाबालिग युवक से हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई. मनीष इस रिश्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए दोनों ने उसे खत्म करने का फैसला किया.
हत्या का तरीका
17 अप्रैल को नाबालिग ने मनीष को बहाने से बुलाया और जीप में घुमाने ले गया. इस दौरान उसे गन्ने के रस में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया. इसके बाद साउंड सिस्टम के तार से उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई.
सबूत मिटाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. शव को सुनसान इलाके में झाड़ियों में फेंक दिया गया और मोबाइल फोन दूर फेंककर लोकेशन भ्रमित करने की कोशिश की गई, ताकि मामला लूटपाट जैसा लगे.
तकनीक से खुला राज
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. एक स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध बोलेरो वाहन दिखाई दिया. फुटेज और कॉल डिटेल्स ने पुलिस को सही दिशा दी. एएसपी ग्रामीण बी.एल. मीणा के नेतृत्व में गठित चार टीमों ने वैज्ञानिक जांच कर मामले का पर्दाफाश किया. पत्नी निकिता को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि नाबालिग प्रेमी को निरुद्ध किया गया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
