Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

BJP-Cleanliness-Drive-Patna-PM-Modi-Bihar-Visit-Nitish-Setu

पीएम मोदी के 21 नवंबर को बिहार पहुंचे रहे हैं. इससे पहले भाजपा ने पूरे राज्य में तीन दिवसीय स्वच्छता अभियान शुरू किया है. इस दौरे में प्रधानमंत्री लगभग 5,571 करोड़ रुपये की लागत से बने छह लेन के ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन करेंगे.

BJP-Cleanliness-Drive-Patna-PM-Modi-Bihar-Visit-Nitish-Setu

पीएम मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूरे राज्य में तीन दिवसीय प्रतीकात्मक स्वच्छता अभियान की शुरुआत की है. इसी क्रम में शुक्रवार को राजधानी पटना के हाई कोर्ट मोड़ स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास विशेष सफाई अभियान चलाया गया. इस कार्यक्रम में भाजपा के बिहार प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी सहित कई विधायक, नेता और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए.

घर से ही करनी होगी स्वच्छता की शुरुआत: संजय सरावगी

स्वच्छता अभियान के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार की धरती वैशाली पर आगमन हो रहा है और इसी उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में तीन दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम लोगों तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाना और इसे दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है. उन्होंने जोर दिया कि स्वच्छता की शुरुआत अपने घर से ही करनी होगी, तभी एक स्वच्छ समाज और स्वच्छ प्रदेश का निर्माण संभव हो सकेगा.

कल ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को अपने बिहार दौरे के दौरान गंगा नदी पर बने भव्य छह लेन के ‘नीतीश सेतु’ (कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल) का उद्घाटन करेंगे और एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे. करीब 5,571 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए इस पुल को प्रधानमंत्री राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इसके शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन बेहद आसान हो जाएगा, राजधानी पटना पर यातायात का दबाव कम होगा और पूरे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी.

भाजपा नेताओं और मंत्रियों में उत्साह का माहौल

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर राज्य के नेताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री बिहार को हजारों करोड़ रुपये की सौगात देने जा रहे हैं और उनका आगमन विकसित बिहार बनाने में मील का पत्थर साबित होगा.

ये भी पढ़ें: महामना की बगिया में काशी नरेश की अमिट छाप, BHU के मालवीय भवन में लगा चित्र; योगदान को किया गया याद

वहीं, बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री का यह पहला बिहार आगमन है, जिससे लोगों में जोश और बढ़ गया है, तथा उनका बार-बार बिहार आना राज्य के लिए वरदान है. इसके अलावा मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच के अनुरूप बने इस अत्यंत उपयोगी पुल का नाम मुख्यमंत्री ने उन्हीं के नाम पर रखा है और प्रधानमंत्री इसका उद्घाटन करने आ रहे हैं. महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट ने भी कहा कि प्रधानमंत्री बिहार में कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन करने वाले हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism