Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

भाजपा ने की मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव की मांग, आयोग से मिला प्रतिनिधि मंडल

चुनाव आयोग से अयोध्या की मिल्कीपुर (सुरक्षित) विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव कराए जाने की मांग को लेकर BJP की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से इस संबंध में मुलाकात की.

Milkipur

प्रतीकात्मक फोटो

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बुधवार को चुनाव आयोग से अयोध्या की मिल्कीपुर (सुरक्षित) विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव कराए जाने की मांग की. पार्टी की ओर एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से इस संबंध में मुलाकात की. पार्टी की तरफ से दिए गए पत्र में कहा गया है कि राज्य में 10 सीटों पर उपचुनाव होने थे, लेकिन चुनाव आयोग द्वारा नौ सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की गई है. मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव घोषित नहीं हुआ है. चुनाव आयोग द्वारा बताया जा रहा है कि मिल्कीपुर के निर्वाचन से जुड़ी एक याचिका उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ में लंबित है.

यह याचिका गोरखनाथ द्वारा दायर की गई थी. इसमें विजयी प्रत्याशी अवधेश प्रसाद का शपथ पत्र नोटरी द्वारा सत्यापित न होने और उसकी वैधता को चुनौती दी गई है. भाजपा की ओर से कहा गया है कि इस प्रकरण में उच्च न्यायालय ने कोई भी स्थगन आदेश या अंतरिम आदेश पारित नहीं किया है. मिल्कीपुर सीट से 2022 में निर्वाचित हुए अवधेश प्रसाद अब सांसद निर्वाचित हो चुके हैं और वह मिल्कीपुर सीट से त्यागपत्र भी दे चुके हैं. भाजपा ने कहा है कि उनके त्यागपत्र से रिक्त हुई सीट पर चुनाव होना नितांत आवश्यक है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी से इन तथ्यों का ध्यान रखते हुए मिल्कीपुर (सुरक्षित) सीट पर भी बाकी नौ सीटों के साथ उपचुनाव कराने की मांग की गई है.

भाजपा के प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, अनूप गुप्ता, संजय राय, रामप्रताप चौहान शामिल थे. उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने तारीखों की घोषणा कर दी है. इन सीटों 13 नवंबर को उपचुनाव होंगे और 23 नवंबर को नतीजे आएंगे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital