Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी सरकार के 12 साल पूरे: भाजपा 5 जून से शुरू करेगी देशव्यापी जनसंपर्क अभियान, गांव-गांव जाएंगे नेता

पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा 5 जून से 21 जून तक देशव्यापी जनसंपर्क अभियान चलाएगी. पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर को मजबूत करने का आह्वान किया है.

पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा 15 दिन तक चलाएगी देशव्यापी जनसंपर्क अभियान. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक 1 मई को पार्टी मुख्यालय में संपन्न हुई. इस बैठक में संगठन के विस्तार और जनता तक पहुंच बढ़ाने की व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई. बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर को जनसंपर्क और संगठन विस्तार के लिए उपयोग करने की योजना बनाई गई.

भाजपा 5 जून से 21 जून तक देशभर में एक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाएगी. यह अभियान सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाएगा. विश्व पर्यावरण दिवस और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पार्टी के नेता गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे. इस दौरान पार्टी के नेता प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 प्रभावशाली मतदाताओं से भी मुलाकात करेंगे और उनसे फीडबैक लेंगे. यह अभियान 23 जून से पहले समाप्त होगा, जिसे भाजपा पूरे देश में ‘बलिदान दिवस’ के रूप में मनाएगी.

देश के 22 राज्यों में एनडीए सरकार और बूथ स्तर को मजबूत करने पर जोर

बैठक में सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए नई रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई. समीक्षा के दौरान बताया गया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकारें अब देश के 22 राज्यों में सत्ता में हैं. पार्टी नेतृत्व ने इसे भाजपा के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव और मजबूत संगठन का प्रमाण बताया. बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नई कार्यप्रणालियों पर चर्चा की. इन योजनाओं में जमीनी कार्यकर्ताओं के सुझावों को भी शामिल किया गया.

युवाओं, महिलाओं और पेशेवर वर्गों को जोड़ने की विशेष योजना

भाजपा ने युवाओं को संगठन से जोड़ने और उन्हें शुरुआती दौर में ही नेतृत्व की जिम्मेदारियां देने की योजना भी तैयार की है. महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए पार्टी में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व की भूमिका बढ़ाने पर भी चर्चा की गई. इसके अलावा अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदायों की संगठन में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष योजनाओं को मंजूरी दी गई. पार्टी डॉक्टरों, इंजीनियरों और वकीलों जैसे पेशेवर वर्गों को जोड़ने के लिए भी विशेष अभियान चलाएगी, ताकि उनकी विशेषज्ञता का उपयोग नीतियां बनाने और समाज के विकास में किया जा सके.

ये भी पढ़ें: बंगाल में महाराष्ट्र वाला खेला! विधायकों की हो गई सीक्रेट मीटिंग, क्या दीदी के हाथ से छिन जाएगी TMC की कमान?

बैठक के अंत में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि बूथ स्तर को मजबूत करना और समाज के नए वर्गों तक पहुंच बनाना पार्टी की आगे की सफलता के लिए बेहद जरूरी है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी जनसंपर्क कार्यक्रमों को पूरी मेहनत और प्रभावी तरीके से जमीन पर लागू करने का भी आह्वान किया.

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read