BJP का बॉस कौन?
BJP President Election 2026: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है. दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी को उसका नया ‘बॉस’ मिलने जा रहा है. दिल्ली स्थित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर बने बीजेपी मुख्यालय में आज सुबह से ही सियासी हलचल तेज है. बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और बड़े दिग्गज यहां जुटने लगे हैं. आज की सबसे दिलचस्प बात यह है कि पार्टी की कमान किसके हाथ में होगी, इसका फैसला महज 2 घंटे की प्रक्रिया में हो जाएगा.
महज 2 घंटे में तय होगा भविष्य
बीजेपी के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी के लक्ष्मण द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, आज (19 जनवरी) दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच का समय सबसे महत्वपूर्ण है. इन्हीं दो घंटों के भीतर राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे. यानी 4 बजते-बजते यह साफ हो जाएगा कि जेपी नड्डा की कुर्सी पर अगला कौन बैठने वाला है.
क्या है आज का पूरा शेड्यूल? (BJP Nomination Process Schedule)
- दोपहर 2:00 से 4:00 बजे: अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे
- शाम 4:00 से 5:00 बजे: नामांकन पत्रों की जांच (Scrutiny) की जाएगी
- शाम 5:00 से 6:00 बजे: नामांकन वापस लेने का समय
हालांकि, नए अध्यक्ष के नाम का औपचारिक और आधिकारिक ऐलान 20 जनवरी (कल) को किया जाएगा, लेकिन आज नामांकन के साथ ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी. उम्मीद यही है कि नामांकन निर्विरोध होगा. ऐसे में आज 2 से 4 बजे के बीच में ही तय हो जाएगा की बीजेपी का अगला बॉस कौन है.
नितिन नबीन की ताजपोशी लगभग तय (Nitin Nabin BJP Working President)
सियासी गलियारों में चर्चा है कि बिहार से आने वाले युवा नेता और पार्टी के मौजूदा कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का बीजेपी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना लगभग तय है. 14 दिसंबर को ही उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. माना जा रहा है कि उनके खिलाफ कोई और नामांकन नहीं करेगा और उनका चुनाव निर्विरोध संपन्न होगा.
क्या है चुनावी प्रक्रिया? (BJP Organizational Election Rules)
भले ही आज की प्रक्रिया 2 घंटे में निपट जाएगी, लेकिन बीजेपी में अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया काफी लंबी और जटिल होती है. यह पूरी तरह से पार्टी के संविधान के मुताबिक संगठनात्मक और आंतरिक होती है.
- बूथ से शुरुआत: अध्यक्ष के चुनाव की नींव बूथ स्तर से पड़ती है. सबसे पहले बूथ कमेटियों का गठन होता है, फिर मंडल और जिला स्तर पर चुनाव होते हैं.
- राज्यों की सहमति: राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए कम से कम 50% राज्यों में संगठन के चुनाव पूरे होने चाहिए.
- इलेक्टोरल कॉलेज: राष्ट्रीय परिषद के सदस्य और प्रदेश परिषदों के सदस्य मिलकर अध्यक्ष का चुनाव करते हैं.
ये भी पढ़ें: प्रयागराज में ‘धर्म-युद्ध’: आखिर चाहते क्या हैं अनशन पर बैठे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती?
वोटिंग कब होती है? (Election Process of BJP President)
अगर अध्यक्ष पद के लिए एक से ज्यादा उम्मीदवार नामांकन भरते हैं, तभी मतदान की नौबत आती है. अगर केवल एक ही नामांकन आता है (जैसा कि इस बार नितिन नबीन के मामले में संभावित है), तो उन्हें निर्विरोध चुन लिया जाता है. आज इस प्रक्रिया के दौरान पार्टी की एकजुटता दिखाने के लिए सभी बड़े नेता एक मंच पर दिखेंगे. अब देखना यह है कि क्या कोई चौंकाने वाला नाम सामने आता है या नितिन नबीन के सिर पर ही ताज सजता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

