BJP President Nitin Nabin First Decisions: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालते ही नितिन नबीन (Nitin Nabin) पूरी तरह से ‘एक्शन मोड’ में आ गए हैं. ताजपोशी के तुरंत बाद उन्होंने अपने पहले बड़े संगठनात्मक फैसलों पर मुहर लगा दी है, जिससे उनकी भावी टीम और रणनीति की झलक मिल गई है. नबीन ने अपनी पहली ही लिस्ट में अनुभवी और युवा चेहरों का संतुलन बनाते हुए दक्षिण भारत पर विशेष फोकस किया है. उन्होंने पार्टी के दिग्गज नेता विनोद तावड़े समेत आरएसएस (RSS) के करीबी राम माधव की सक्रिय भूमिका बढ़ा दी है.
बता दें नितिन नबीन की औपचारिक कुर्सी संभालने की प्रक्रिया मंगलवार, 20 जनवरी को हुई थी. बीजेपी ऑफिस में भव्य कार्यक्रम में उनकी ताजपोशी कराई गई. उसके बाद से ही कई बड़े फैसलों की उम्मीद थी जो साम तक पूरी हो गई. इसके बाद 21 जनवरी, बुधवार को भी उन्होंने बड़ी बैठक बुलाई है. इसमें भी कई फैसले (Nitin Nabin Decisions) हो सकते हैं.
विनोद तावड़े को बड़ी जिम्मेदारी (Nitin Nabin Vinod Tawde Appointments)
नितिन नबीन ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े (Vinod Tawde) पर बड़ा भरोसा जताया है. उन्हें केरल विधानसभा चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया गया है. तावड़े को बिहार में एनडीए की जीत का श्रेय भी जाता है. इसके साथ ही उन्हें चंडीगढ़ मेयर चुनाव के लिए भी पर्यवेक्षक बनाया गया है. केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे को केरल में तावड़े के साथ सह-प्रभारी बनाया गया है. यह नियुक्ति दर्शाती है कि ‘टीम नितिन’ में तावड़े का कद और बढ़ने वाला है.
मिशन साउठ में राम माधव की वापसी (Nitin Nabin Ram Madhav Appointments)
एक और अहम फैसला राम माधव (Ram Madhav) को लेकर है. संघ और बीजेपी के बीच अहम कड़ी माने जाने वाले राम माधव को ग्रेटर बेंगलुरु निकाय चुनाव (Greater Bengaluru Municipal Election) का प्रभारी बनाया गया है. जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के बाद यह उन्हें दी गई दूसरी बड़ी जिम्मेदारी है, जो संकेत देती है कि पार्टी और संघ उन्हें मुख्यधारा में बड़ी भूमिका में देखना चाहते हैं. उनके साथ राजस्थान के पूर्व अध्यक्ष सतीश पुनिया और महाराष्ट्र के विधायक संजय उपाध्याय को सह-प्रभारी बनाया गया है.
आशीष शेलार को कमान (Nitin Nabin Ashish Shelar Appointments)
नितिन नबीन ने महाराष्ट्र के युवा नेता और मंत्री आशीष शेलार को तेलंगाना नगर और स्थानीय निकाय चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है. शेलार को देवेंद्र फडणवीस का करीबी माना जाता है. उनके साथ अशोक परनामी और रेखा शर्मा को सह-प्रभारी बनाया गया है.
ये भी पढ़ें: भारत को राहत, निशाने पर कौन? डोनाल्ड ट्रंप के मंत्री ने बताया सीक्रेट प्लान?
‘राजनीति 100 मीटर की दौड़ नहीं’
पदभार संभालने के बाद अपने पहले संबोधन में नितिन नबीन ने युवाओं को स्पष्ट संदेश दिया. उन्होंने कहा कि मैं देश के युवाओं से कहना चाहता हूं कि राजनीति से दूर रहना समाधान नहीं, बल्कि सक्रिय योगदान देना ही समाधान है. राजनीति कोई शॉर्टकट नहीं है. यह 100 मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि मैराथन है, जहां गति नहीं सहनशक्ति की परीक्षा होती है. उन्होंने पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में होने वाले चुनावों के लिए कमर कसने का आह्वान किया.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


