भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पटना के बांकीपुर के विधायक नितिन नबीन मंगलवार को पहली बार अपनी कर्मस्थली पटना पहुंचे. उसके बाद उनका रोड शो शुरू हो गया.
पटना हवाई अड्डा पहुंचने के बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित कई नेताओं ने उनका स्वागत किया. इसके बाद, जब वे हवाई अड्डा से बाहर निकले, तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का बैंड बाजे के साथ स्वागत किया.
इसके बाद नितिन नबीन एक खुले वाहन पर सवार हुए और उनका रोड शो शुरू हुआ. जिस वाहन पर वे सवार थे, उस पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, सम्राट चौधरी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की भी मौजूदगी रही.
इस रोड शो में भारत माता की जय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नितिन नबीन के समर्थन में जमकर नारे लगाए जा रहे हैं. इस रोड शो में बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ताओं के अलावा आम लोग शामिल हैं. प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मीडिया से कहा, “आज का यह दिन भारतीय जनता पार्टी के लिए भी बड़ा है और देश व बिहार के नौजवानों के लिए भी प्रेरणादायक है. आज बिहार के लिए बड़ा दिन है. बिहार में कार्यकारी अध्यक्ष के आगमन को लेकर जबरदस्त उत्साह है और पार्टी इसे ऐतिहासिक रूप देने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है.”
कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन सबसे पहले राजवंशी नगर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे और फिर बेली रोड होते हुए उच्च न्यायालय के समीप संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देंगे. इसके बाद वे आयकर गोलंबर में जेपी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर मिलर स्कूल के मैदान में पहुंचेंगे, जहां उनके स्वागत में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया है. नितिन नबीन के रोड शो को लेकर पटना में यातायात व्यवस्था में भी परिवर्तन किया गया है.
ये भी पढ़ें- विकसित भारत ‘जी राम जी’ बिल: कानून बनने के बाद भी क्यों गरमाई राजनीति
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

