Bharat Express DD Free Dish

प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प’ अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे उत्तर प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी.

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है. यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा. पार्टी का फोकस सिर्फ कार्यक्रम आयोजित करने पर नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं से आम लोगों की जिंदगी में आए बदलाव को सामने लाने पर रहेगा.

बीजेपी की योजना है कि गांव से लेकर शहर तक उन लोगों की कहानियां जनता के सामने लाई जाएं, जिन्हें केंद्र या राज्य सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ मिला है. पार्टी इन अनुभवों को ‘सक्सेस स्टोरी’ के रूप में पेश करेगी. इसके साथ ही सेवा, जनकल्याण और जनसंवाद से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित न रखा जाए. उनके मुताबिक प्रदेश के लगभग हर बूथ और शक्ति केंद्र पर ऐसे लाभार्थी मौजूद हैं, जिनकी जिंदगी में सरकारी योजनाओं से बदलाव आया है. इन लोगों की वास्तविक कहानियां बदलते उत्तर प्रदेश और देश की तस्वीर समझाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं.

योगी ने खास तौर पर युवाओं के बीच वर्ष 2014 से पहले के भारत और 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की स्थिति की तुलना मौजूदा हालात से करने की बात कही. उन्होंने कहा कि यह तुलना भावनाओं के बजाय तथ्यों और उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर होनी चाहिए.

मुख्यमंत्री के मुताबिक प्रदेश में करीब 9.30 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है, जबकि अगले छह महीनों में लगभग एक लाख और नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. उन्होंने स्टार्टअप के क्षेत्र में हुए विस्तार का भी जिक्र किया. उनके अनुसार उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या करीब 120 से बढ़कर 24 हजार तक पहुंच गई है.

शिक्षा, स्वास्थ्य, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और बेहतर कनेक्टिविटी को भी अभियान के दौरान प्रमुख उपलब्धियों के तौर पर जनता के सामने रखने की तैयारी है.

सपा पर भी साधा निशाना

अभियान को लेकर आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया के खिलाफ कार्रवाई हुई है, लेकिन कुछ लोग अब भी उनके समर्थन में खड़े दिखाई देते हैं. योगी ने सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों ने माफिया के लिए आंसू बहाए, उन्होंने इंसेफेलाइटिस से जान गंवाने वाले गरीब बच्चों या बेटियों की सुरक्षा को लेकर कभी इसी तरह चिंता क्यों नहीं जताई.

13 कार्यक्रमों के जरिए जनसंपर्क की तैयारी

बीजेपी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की पहचान सत्ता से ज्यादा सेवा, संकल्प और परिणाम की राजनीति से बनी है. उन्होंने अभियान के तहत प्रस्तावित 13 कार्यक्रमों की जानकारी दी और कार्यकर्ताओं से इसे बड़े जनभागीदारी अभियान में बदलने की अपील की.

प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि अभियान का मकसद सिर्फ सरकार की उपलब्धियां गिनाना नहीं है. पार्टी उन वास्तविक बदलावों को लोगों तक पहुंचाना चाहती है, जो योजनाओं के कारण आम नागरिकों के जीवन में आए हैं.

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक जाकर लाभार्थियों से सीधे संवाद करने को कहा.

घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दिया’

प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा कि इसकी शुरुआत ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से होगी. इसके तहत पार्टी कार्यकर्ताओं का लक्ष्य अधिक से अधिक लाभार्थियों के घर तक पहुंचना और वहां ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाना होगा.

इसके अलावा कॉलेजों में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इनमें प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और विकसित भारत की संकल्पना को विषय बनाया जाएगा. प्रतियोगिताओं के बाद कॉलेज परिसरों में चित्रों की प्रदर्शनी लगाने की भी योजना है.

नुक्कड़ नाटक से गांव-शहर तक पहुंचेगी ‘सेवा गाथा’

2 अक्टूबर को ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत प्रदेश के प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे. इनके जरिए केंद्र और प्रदेश सरकार के सेवा कार्यों तथा विकास से जुड़ी योजनाओं को आम लोगों तक सरल भाषा में पहुंचाने की कोशिश होगी. पार्टी ने प्रत्येक जिले में करीब 18 से 20 नुक्कड़ नाटक कराने का लक्ष्य रखा है.

आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम भी होगा. इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा दीदियों और बच्चों की माताओं को बुलाकर सम्मानित किया जाएगा.

लाभार्थियों की कहानी सोशल मीडिया पर भी आएगी
अभियान का एक अहम हिस्सा ‘सक्सेस स्टोरी’ होगा. जिन लोगों को सरकारी योजनाओं से फायदा मिला है, उनसे बातचीत कर उनकी कहानी रिकॉर्ड की जाएगी और रील के रूप में सोशल मीडिया पर साझा की जाएगी. इसके लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की भी मदद ली जाएगी, ताकि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके.

‘सेवा ज्योति यात्रा’ भी अभियान का हिस्सा होगी. इसे जिला और गांव स्तर पर आयोजित किया जा सकेगा. यात्रा में ज्योति को रथ पर रखकर लोग साथ चलेंगे और समापन स्थल पर कार्यक्रम होगा.

इसके अलावा गुजरात के बडनगर और वाराणसी से करीब 250-250 बाइक के साथ यात्राएं निकालने की योजना है. इनमें गुजरात से जल लेकर काशी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और काशी से गंगाजल लेकर बडनगर के शिव मंदिर में जलाभिषेक किया जाएगा. यात्राओं के साथ एलईडी वाहन भी चलेंगे और रास्ते में जनसंवाद के कार्यक्रम होंगे.

योजनाओं से छूटे लोगों तक पहुंचने पर जोर

‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम के तहत ऐसे पात्र लोगों के लिए शिविर लगाए जाएंगे, जो किसी वजह से सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाए हैं. पार्टी कार्यकर्ता इन लोगों को संबंधित योजनाओं से जोड़ने में मदद करेंगे. इसके साथ ही ‘इनोवेशन चैलेंज’ और पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन जैसे कार्यक्रम भी होंगे. बीजेपी की तैयारी है कि अभियान को मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक स्पष्ट कार्ययोजना के साथ चलाया जाए.

ये भी पढ़ें- महानगरों की आपाधापी के बीच लोक संस्कृति का संगम, CMD उपेंद्र राय ने बताया क्यों खास है ‘बदरिया’ उत्सव?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read