Bharat Express DD Free Dish

खाते में कैश, रसोई में फ्री सिलेंडर! तमिलनाडु चुनाव के लिए बीजेपी ने खोला वादों का पिटारा

बीजेपी ने तमिलनाडु के लिए अपने घोषणापत्र में महिलाओं और आम परिवारों को ध्यान में रखते हुए कई बड़े वादे किए हैं.

modi amit shah

तमिलनाडु की राजनीति में चुनावी हलचल तेज हो चुकी है, और इसी बीच बीजेपी ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. इस घोषणापत्र में खास तौर पर महिलाओं, मध्यम वर्ग और पारंपरिक समुदायों को ध्यान में रखते हुए कई बड़े वादे किए गए हैं.

पार्टी का फोकस साफ तौर पर जनजीवन से जुड़े मुद्दों पर दिखता है, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ता है.

महिलाओं पर खास फोकस

घोषणापत्र की सबसे बड़ी झलक महिलाओं के लिए किए गए ऐलानों में दिखती है. बीजेपी ने वादा किया है कि अगर उनकी सरकार बनती है, तो हर घर की महिला मुखिया को हर महीने 2,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी. इसके साथ ही साल में तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने का भी वादा किया गया है, जिससे रसोई का खर्च थोड़ा हल्का हो सके.

कामकाजी और पढ़ाई करने वाली महिलाओं को ध्यान में रखते हुए ई-स्कूटर खरीदने पर 25,000 रुपये की सब्सिडी देने की बात भी कही गई है. यह कदम महिलाओं की स्वतंत्रता और सुविधा दोनों को बढ़ावा देने के तौर पर देखा जा रहा है.

बढ़ती महंगाई को देखते हुए बीजेपी ने हर परिवार को एकमुश्त 10,000 रुपये की सहायता देने का भी ऐलान किया है. इसके अलावा घरेलू जरूरतों के लिए 8,000 रुपये के कूपन देने की योजना भी सामने आई है. पार्टी का दावा है कि ये कदम लोगों के रोजमर्रा के खर्च को कम करने में मदद करेंगे.

परंपरा और संस्कृति पर भी ध्यान

घोषणापत्र में सिर्फ आर्थिक वादे ही नहीं, बल्कि तमिलनाडु की सांस्कृतिक विरासत को भी अहमियत दी गई है. जलीकट्टू जैसे पारंपरिक खेल से जुड़े लोगों के लिए हर महीने 2,000 रुपये की सहायता और किसी हादसे की स्थिति में 10 लाख रुपये की मदद का प्रावधान किया गया है.

इसके अलावा बड़े मंदिरों में स्थानीय लोगों के लिए रोजाना दो घंटे का विशेष दर्शन स्लॉट तय करने और थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर रोशनी की व्यवस्था बनाए रखने जैसे वादे भी किए गए हैं.

घर खरीदने वालों के लिए राहत

जो लोग पहली बार घर खरीदने का सपना देख रहे हैं, खासकर महिलाएं, उनके लिए स्टाम्प ड्यूटी में 3% की छूट देने की बात कही गई है. यह कदम मिडिल क्लास परिवारों के लिए काफी राहत भरा हो सकता है. घोषणापत्र जारी करने के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने राज्य की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि तमिलनाडु, जो अपनी समृद्ध संस्कृति के लिए जाना जाता है, उसे आज अपराध और भ्रष्टाचार की ओर धकेला जा रहा है.

उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता बदलाव के मूड में है और चुनाव में इसका असर साफ नजर आएगा.

ये भी पढ़ें: ‘कुर्सी छोड़ते ही करीबी पर गिरी गाज!’…नीतीश के दिल्ली जाते ही बाहुबली पप्पू पांडेय पर क्यों हुआ पुलिसिया प्रहार?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read