BRICS Summit Highlights: राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आज रविवार, 13 सितंबर को दूसरा और अंतिम दिन है. पहले दिन की ऐतिहासिक कूटनीतिक सफलताओं के बाद आज का पूरा ध्यान ब्रिक्स के ओपन सेशन और पार्टनर व आउटरीच देशों के साथ व्यापक संवाद पर केंद्रित रहेगा.
पहले दिन क्या-क्या हुआ? (BRICS Summit 1st Day Update)
सम्मेलन के पहले दिन भारत की कूटनीति का दबदबा साफ नजर आया. सभी सदस्य देशों ने साझा सहमति से ‘नई दिल्ली डेक्लरेशन’ को मंजूरी दी. पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान, सऊदी अरब व यूएई के अलग-अलग रुख के बावजूद भारत ने निरंतर संवाद के जरिए साझा घोषणापत्र पर आम सहमति बनाकर अपनी मजबूत मध्यस्थता सिद्ध की. डेक्लरेशन में रूस और चीन सहित सभी ब्रिक्स देशों ने पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की.
इसके साथ ही आतंकवादियों को पनाह देने वालों, सुरक्षित ठिकाने मुहैया कराने वालों और टेरर फंडिंग के नेटवर्क पर साझा व सख्त कार्रवाई का ऐतिहासिक संकल्प लिया गया. वहीं, साझा ब्रिक्स करेंसी की अटकलों को खारिज करते हुए भारत ने स्पष्ट किया कि फिलहाल ऐसी कोई साझा मुद्रा लाने का प्रस्ताव नहीं है; ध्यान स्थानीय मुद्राओं में आपसी व्यापार और भुगतान को बढ़ावा देने पर है ताकि लेन-देन की लागत घटाई जा सके. पहले दिन के तमाम अपडेट के लिए यहां क्लिक करें
आज क्या होगा? (BRICS Summit 2nd Day Update)
आज का दिन वैश्विक साझेदारी के विस्तार का है. सुबह से ही पार्टनर और आउटरीच देशों के नेताओं का भारत मंडपम में आगमन शुरू हो चुका है, जिसके बाद सामूहिक तस्वीर और ओपन सेशन में वैश्विक संकटों पर विमर्श होगा. इसके बाद दोपहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार देशों—कजाकिस्तान (कासिम-जोमार्ट टोकायेव), फिलीपींस (फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर), मिस्र (अब्देल फतह अल-सीसी) और दक्षिण अफ्रीका (मातामेला सिरिल रामफोसा) के शीर्ष नेताओं के साथ बैक-टू-बैक द्विपक्षीय बैठकें करेंगे.
ओपन सेशन के भाषणों, बड़े कूटनीतिक समझौतों और प्रधानमंत्री मोदी की द्विपक्षीय वार्ताओं के पल-पल के ताजा घटनाक्रम के लिए आगे अब लाइव अपडेट बताया जाएगा…
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
