Budaun Ambedkar Statue Dispute bharat express
Budaun News: बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सीकरी गांव में अंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर करीब 12 से 13 घंटे तक विवाद चला. सुबह करीब 7 बजे प्रतिमा स्थापित करने को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देर शाम पथराव और हंगामे में बदल गया. घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल और एक बटालियन पीएसी तैनात की गई है.
डीएम-एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े ग्रामीण
ग्रामीण अंबेडकर प्रतिमा लगाने की मांग पर अड़े रहे. उन्होंने मौके पर डीएम और एसएसपी को बुलाने की मांग की. प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से कई दौर में बातचीत कर स्थिति को शांत करने और समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी. दिन में विवाद के दौरान कुछ लोगों पर एसडीएम बिसौली अंशुमान श्रीवास्तव और चौकी इंचार्ज जोगेंद्र बालियां को कथित तौर पर चबूतरे में चुनने की कोशिश करने का आरोप लगा. इस घटना का कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस अधिकारियों के साथ अभद्रता और उन्हें चबूतरे में चुनने की कोशिश का घटनाक्रम दिखाई देने का दावा किया जा रहा है.
देर शाम पुलिस टीम पर हुआ पथराव
कई घंटे तक चले विवाद के बाद देर शाम स्थिति और बिगड़ गई. आरोप है कि आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम पर जमकर पथराव कर दिया. पथराव में एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार समेत कई अधिकारियों की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. इसके अलावा एक दर्जन से अधिक थानाध्यक्षों की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है. पथराव की घटना में करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है.
घटना के बाद मौके पर पहुंचे डीएम और एसएसपी
बताया गया कि पथराव की घटना के करीब एक से डेढ़ घंटे बाद जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई. देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब एक दर्जन महिला और पुरुष उपद्रवियों को हिरासत में लिया. मामले में 32 नामजद लोगों समेत दर्जनों अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
यह भी पढ़ें: कार धुलाई के पैसे मांगे तो भड़का दबंग! कार चढ़ाने की कोशिश का VIDEO वायरल
गांव में भारी पुलिस बल और PAC तैनात
घटना के बाद सीकरी गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस फोर्स के साथ एक बटालियन पीएसी तैनात की गई है. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, मौके पर मौजूद लोगों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि उपद्रव और तोड़फोड़ में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

