Bharat Express DD Free Dish

बुल्गारिया चुनाव में रूमेन रादेव की ऐतिहासिक जीत, 1997 के बाद पहली बार मिला पूर्ण बहुमत; पीएम मोदी ने दी बधाई

PM Modi congratulates Radev: बुल्गारिया के चुनाव में रूमेन रादेव के नेतृत्व वाले गठबंधन ने शानदार जीत हासिल की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए दोनों देशों के रिश्ते मजबूत करने की बात कही.

PM Modi congratulates Rumen Radev

PM Modi congratulates Radev: बुल्गारिया के हालिया संसदीय चुनाव (Bulgaria Election) में रूमेन रादेव (Rumen Radev) के नेतृत्व वाले ‘प्रोग्रेसिव बुल्गारिया’ गठबंधन ने शानदार जीत दर्ज की है. शुरुआती नतीजों के मुताबिक गठबंधन को करीब 44.6% वोट मिले हैं, जिससे वह 240 सदस्यीय संसद में 135 से ज्यादा सीटें हासिल कर सकता है. यह 1997 के बाद पहली बार है जब किसी एक दल या गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है.

पीएम मोदी का संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने रूमेन रादेव को इस जीत पर बधाई दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारत और बुल्गारिया के रिश्तों को और मजबूत करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए वह साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं.

राजनीतिक स्थिरता की उम्मीद

बुल्गारिया में पिछले पांच वर्षों में बार-बार चुनाव हुए हैं, जिससे राजनीतिक अस्थिरता बनी रही. इस जीत के बाद देश में एक स्थिर सरकार बनने की उम्मीद बढ़ गई है. रादेव ने इसे ‘आशा की जीत’ बताते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाने और देश में स्थिरता लाने का वादा किया है.

भारत-बुल्गारिया रिश्तों को मिलेगा बल

रादेव यूरोपीय संघ की नीतियों के आलोचक रहे हैं और रूस के साथ संबंध सुधारने की बात करते रहे हैं. ऐसे में उनकी जीत के बाद बुल्गारिया की विदेश नीति में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं. हालांकि, भारत के साथ संबंध मजबूत रहने की संभावना जताई जा रही है.

दोनों देशों के बीच पहले से ही अच्छे संबंध हैं. रक्षा, व्यापार और कूटनीति के क्षेत्रों में सहयोग जारी है. रादेव की जीत से आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को नई गति मिल सकती है.


ये भी पढ़ें: ‘दीदी को बाय-बाय!’ चुनाव प्रचार के आखिरी दिन अमित शाह ने किया ममता की विदाई का ऐलान


नई संसद की तैयारी

बुल्गारिया की उपराष्ट्रपति इलियाना इओटोवा के अनुसार, नई संसद की बैठक 29 या 30 अप्रैल के आसपास बुलाई जा सकती है. उन्होंने कहा कि अंतिम नतीजों की घोषणा के बाद नए सांसदों की सूची जारी की जाएगी. केंद्रीय चुनाव आयोग अभी अंतिम परिणाम घोषित नहीं किया है, लेकिन शुरुआती आंकड़े रादेव के पक्ष में साफ संकेत दे रहे हैं. अब सबकी नजर आधिकारिक घोषणा और नई सरकार के गठन पर है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read