दुबई से तेल अवीव जा रही ‘फ्लाईदुबई’ की फ्लाइट FZ-1073 में 30 हजार फीट की ऊंचाई पर मौत का नंगा नाच रोकने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर की बहादुरी का डंका अब पूरी दुनिया में बज रहा है. इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बाद अब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कैप्टन स्मित माछर को ‘सच्चा हीरो’ बताया है. पीएम मोदी ने कहा कि बेहद खतरनाक हालात में खून से लथपथ होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने जो हिम्मत और संकल्प दिखाया, उस पर पूरे देश को गर्व है.
पीएम मोदी ने लिखा भावुक संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित माछर की तारीफों के पुल बांधते हुए लिखा कि मौत से सीधे आंखें मिलाकर सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित माछर पर पूरे भारत को गर्व है. चाकू के वार से गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने असाधारण साहस का परिचय दिया और एक बहुत बड़ी त्रासदी को टाल दिया. प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी इस जांबाजी से 174 मासूमों को नया जीवन मिला है. पीएम ने उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की.
जानिए क्या हुआ था कैप्टन के साथ?
बुधवार (30 सितंबर) को उड़ान के दौरान ओमानी को-पायलट ने मानसिक संतुलन खोकर विमान को क्रैश (हाईजैक) कराने की कोशिश की थी. इस दौरान कॉकपिट में दोनों के बीच खूनी भिड़ंत हुई. हमलावर ने कैप्टन स्मित के शरीर पर चाकू से कई वार किए. लेकिन गंभीर चोटों के बाद भी कैप्टन स्मित ने कॉकपिट का डिजिटल लॉक खोल दिया, जिससे बाहर मौजूद यात्रियों और क्रू मेंबर्स को कॉकपिट के अंदर घुसकर सिरफिरे पायलट को दबोचने का मौका मिल गया.
11 साल तक संभाली सीनियर कमांडर की कमान
30 हजार फीट की ऊंचाई पर सैकड़ों लोगों के लिए मसीहा बने कैप्टन स्मित माछर का एविएशन करियर बेहद शानदार रहा है:
स्पाइसजेट में अनुभव: फ्लाईदुबई से पहले वे करीब 11 साल तक भारत की प्रमुख एयरलाइन ‘स्पाइसजेट’ में सीनियर कमांडर और लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के रूप में सेवा दे चुके हैं.
फ्लाईदुबई में कैप्टन: जून 2022 से वे ‘फ्लाईदुबई’ में बतौर कैप्टन अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
ट्रेनिंग कैप्टन: वे नए और जूनियर पायलटों को ट्रेनिंग देने, मार्गदर्शन करने और उनकी क्षमताओं को परखने का लंबा अनुभव रखते हैं.
ये भी पढ़ें- ‘पड़ोसी को बाप, भैया को सैंया’ बाबा बागेश्वर के बयान पर पंजाब में बवाल, शाही इमाम ने दे दिया अल्टीमेटम
वेलिंगकर इंस्टीट्यूट से पढ़े हैं कैप्टन स्मित
भारतीय जांबाज कैप्टन स्मित माछर ने मुंबई के प्रतिष्ठित वेलिंगकर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (Welingkar Institute) से बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) की डिग्री हासिल की थी. मैनेजमेंट की पढ़ाई के बाद उन्होंने एविएशन की दुनिया में कदम रखा. उनके सहकर्मियों का कहना है कि संकट की घड़ी में शांत रहकर सही फैसला लेना और दूसरों की जान बचाना उनकी ट्रेनिंग और पेशेवर सोच का ही नतीजा है. आज पूरी दुनिया इस भारतीय जांबाज के जज्बे को सलाम कर रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

