Bharat Express DD Free Dish

छपरा में अमोनिया गैस रिसाव से हड़कंप, कई लोग बीमार, बुजुर्गों और महिलाओं को भेजा गया अस्पताल

Chapra ammonia gas leak: बिहार के छपरा स्थित रामा कोल्ड स्टोर में अमोनिया गैस रिसाव होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग इसकी चपेट में आ गए. प्रशासन, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जबकि प्रभावित महिलाओं और बुजुर्गों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.

Chhapra Gas Leak

Chhapra Gas Leak

Chapra ammonia gas leak:छपरा/आशुतोष: बिहार के छपरा में अमोनिया गैस रिसाव से उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब इसकी सूचना स्थानीय लोगों को हुई. हालांकि इसमें कई लोगों की बीमार होंने की सूचना भी मिल रही है. घटना सारण जिला मुख्यालय स्थित साढ़ा बाजार समिति के समीप की बताई जा रही है. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रामा कोल्ड स्टोर में अमोनिया गैस रिसाव की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि कोल्ड स्टोर परिसर से अचानक विस्फोट जैसी आवाज के साथ अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिसके बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में गैस फैलते ही लोग अपने- अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए और काफी देर तक अफरा- तफरी का माहौल बना रहा.

घटना की सूचना मिलते ही राहत बचाव कार्य हुआ शुरू

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और पुलिस की टीम के अलावा सदर अनुमंडल पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. फायर ब्रिगेड के जवानों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पानी और विशेष रसायनों का छिड़काव शुरू किया. राहत और बचाव कार्य के दौरान पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीएम नितेश कुमार और एएसपी राम पुकार सिंह भी घटना स्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने कोल्ड स्टोर का निरीक्षण किया और प्रबंधन को आवश्यक दिशा- निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों में कमी की बात स्वीकार करते हुए प्रबंधन को जल्द से जल्द आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया है.

गैस के प्रभाव से कई लोगों की आंखों में जलन, घबराहट, बेचैनी और उल्टी जैसी समस्याएं

हालांकि समय के साथ स्थिति में सुधार हो रहा है, लेकिन क्षेत्र में अभी भी अमोनिया गैस का असर महसूस किया जा रहा है. प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शहरवासियों से सतर्क रहने की अपील की है. वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार गैस के प्रभाव से कई लोगों की आंखों में जलन, घबराहट, बेचैनी और उल्टी जैसी समस्याएं शुरू हो गईं. विशेष रूप से महिलाओं और बुजुर्गों की तबीयत अधिक प्रभावित हुई है. कई महिलाओं की हालत बिगड़ने पर उन्हें एंबुलेंस की मदद से सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है.

 यह भी पढ़ें: नोएडा में दहकीं दो इमारतें; सुबह-सुबह IVY काउंटी और शताब्दी विहार की इमारतों में लगी आग, दमकल की टीमें मौके पर पहुंची

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read