भारत और पीएम मोदी पर चीनी मीडिया
Global Times On PM Modi And Donald Trump: अपने ‘अमेरिका फर्स्ट’ के नारे के साथ दुनिया भर में व्यापार युद्ध छेड़ने वाले डोनाल्ड ट्रंप को अब चीन से भी करारा जवाब मिल रहा है. पीएम मोदी के चीन विजिट (PM Modi China Visit) से पहले चीनी सरकार के मुखपत्र माने जाने वाले ग्लोबल टाइम्स ने एक लेख में भारत की स्वतंत्र विदेश नीति की जमकर तारीफ की है. यह लेख ऐसे समय में आया है जब ट्रंप ने भारत पर 50% का टैरिफ लगाया है. चीन ने ट्रंप की उस मानसिकता पर तंज कसा है जिसमें वह चाहते हैं कि भारत अमेरिका का पक्ष चुने.
चीनी मीडिया ने साफ कहा है कि भारत की विदेश नीति किसी एक गुट का हिस्सा बनने के बजाय अपने राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देती है, जो ‘शीत युद्ध की मानसिकता’ रखने वाले अमेरिका को असहज कर रही है.
चीन की नजर में भारत की विदेश नीति
चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने भारत के स्वतंत्र विदेश नीति की जमकर तारीफ की है. अखबार ने लिखा है कि भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी स्वायत्तता को मजबूती से स्थापित किया है. भारत की विदेश नीति को संतुलित और रणनीतिक करार देते हुए चीनी अखबार ने कहा कि भारत ने अपने राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखा है.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी के दौरे के बीच ट्रंप को झटका! चावल के दाने ने रोकी US-जापान के बीच 48 लाख करोड़ की डील
अमेरिका को आड़े हाथों लिया (Global Times Criticizes Trump Tariff)
ग्लोबल टाइम्स ने अमेरिका को आड़े हाथों लेते हुए लिखा है कि कुछ अमेरिकी मीडिया आउटलेट्स को “ड्रैगन और हाथी के एक साथ नाचने” की संभावना से असहजता इसलिए है क्योंकि उनके दिमाग में अभी भी शीत युद्ध की मानसिकता झलक रही है. अखबार ने लिखा है कि अमेरिका चाहता है कि भारत “कोई एक पक्ष चुने” और उसकी तथाकथित “इंडो-पैसिफिक रणनीति” में चीन को रोकने के लिए एक मोहरे में बदल जाए.
भारत की रणनीतिक स्वायत्तता (Global Times On India Foreign Policy)
अखबार ने लिखा है कि भारत की पूर्ण रणनीतिक स्वायत्तता को समझना बहुत जरूरी है. भारत अपने राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देता है और कठोर गुटबाजी के बजाय अपनी स्वतंत्र विदेश नीति को बनाए रखता है. अखबार ने सीएनएन की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए लिखा है कि भारत का चीन के साथ संबंधों को दोबारा से ठीक करना उसकी रणनीतिक स्वायत्तता नीति का एक उत्कृष्ट उदाहरण है.
ये भी पढ़ें: जॉइंट क्रेडिट पर टोक्यो में बोले पीएम मोदी, बताया- ‘जापान+भारत=क्या?’ का मतलब
पीएम मोदी की विदेश नीति (India Foreign Policy)
लेख में पीएम मोदी के स्वतंत्रता दिवस के संबोधन का भी जिक्र किया. अखबार ने लिखा है कि पीएम मोदी ने कहा कि भारत अपने किसानों के हितों की रक्षा के लिए कभी समझौता नहीं करेगा. अखबार ने लिखा है कि भारत कम से कम 40 देशों के साथ व्यापार विविधीकरण रणनीति को आगे बढ़ा रहा है, जो रणनीतिक स्वायत्तता और स्वतंत्र विदेश नीति के साथ मेल खाती है.
चीनी अखबार की तारीफ (Global Times Praises PM Modi)
चीनी अखबार ने भारत के स्वतंत्र विदेश नीति की तारीफ करते हुए लिखा है कि यह नीति चीन द्वारा समर्थित स्वतंत्र विदेश नीति के साथ मेल खाती है. अखबार ने लिखा है कि भारत-चीन संबंधों में सुधार का मुख्य कारण साझा रणनीतिक जरूरतें हैं. दोनों देश अब यह मान रहे हैं कि अंतहीन सीमा विवादों के बजाय आर्थिक विकास और अधिक जरूरी रणनीतिक प्राथमिकताओं के लिए सीमित संसाधनों का उपयोग करना अधिक तर्कसंगत विकल्प है.
यह लेख दिखाता है कि भारत अब एक ऐसे वैश्विक खिलाड़ी के रूप में उभर रहा है जो किसी भी देश के दबाव में नहीं आता. ट्रंप की कोशिशों के बावजूद, भारत ने न सिर्फ रूस से तेल खरीदा, बल्कि अब चीन के साथ भी अपने संबंधों को सामान्य कर रहा है. चीनी मीडिया ने इस बात को ‘ड्रैगन और हाथी का एक साथ नाचना’ कहा है, जो अमेरिका को पसंद नहीं आ रहा. यह दिखाता है कि भारत की रणनीतिक स्वायत्तता ने किस तरह ट्रंप की नीतियों को कमजोर किया है, और भारत अब अपने हितों को सर्वोपरि रखकर दुनिया के साथ व्यवहार कर रहा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
