होशियारपुर हादसा
पंजाब (Punjab) के होशियारपुर में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है. इस हादसे में लगभग 8 लोगों की मौत हो गई है. यह हादसा दसुहा इलाके के सगरा गांव के पास हुआ है. बताया जा रहा है कि बस और कार की टक्कर हो जाने के कारण यह हादसा हुआ है. इस हादसे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) ने गहरा दुख व्यक्त किया है.
बस में 40 लोग थे सवार
दसूहा-हाजीपुर मार्ग (Dasuha-Hajipur Road) पर निजी बस और कार की टक्कर हो गई, जिसके बाद बस बेकाबू होकर पलट गई. इस हादसे के बाद वहां कोहराम मच गया. स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे लोगों को बाहर सुरक्षित निकाला गया. हादसे की सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पुलिस की टीम पहुंची. जिसके बाद पुलिस ने शवों को अपने अधिकार में ले लिया. वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया.
हादसे में 8 लोगों की मौत
मिली जानकारी के अनुसार अभी तक लगभग 8 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है. इसमें 4 महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं. वहां करीब 30 लोग हादसे में घायल हो गए हैं, जिनको दसूहा अस्पताल (Dasuha Hospital) इलाज के लिए भेजा गया है. जिनकी गंभीर हालत है, उन्हें दूसरे अस्पताल भेजा गया है.
दसूहा के सरकारी हॉस्पिटल के एसएमओ (SMO) मनमोहन सिंह (Manmohan Singh) ने बताया कि हादसे में जो लोग घायल हुए थे, उन्हें हॉस्पिटल लाया गया था. उन्होंने आगे बताया कि इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई. मृतक लोगों में एक बच्चा भी शामिल है. अनुमान लगाया जा रहा है कि इस घटना में मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



