Urdu Conclave 2026

प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो में कर्नल सोफिया कुरैशी के परिवार ने बरसाए फूल, कहा – “अब वो सिर्फ हमारी नहीं, देश की बहन हैं”

गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के दौरान सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के परिवार ने उन पर पुष्पवर्षा कर सम्मान जताया.

Colonel Sofiya Qureshi
Prashant Rai Edited by Prashant Rai

गुजरात के वडोदरा में हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य रोड शो के दौरान एक खास दृश्य देखने को मिला. भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के परिजनों ने प्रधानमंत्री पर पुष्पवर्षा कर अपने गौरव और सम्मान को अभिव्यक्त किया. यह लम्हा सिर्फ एक मुलाकात नहीं, बल्कि एक प्रेरणा का प्रतीक बन गया.

प्रधानमंत्री मोदी इन दिनों गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं. रोड शो के दौरान उनका काफिला जब वडोदरा की सड़कों से गुजर रहा था, तब कर्नल सोफिया कुरैशी का परिवार भी वहां मौजूद था.

कर्नल सोफिया कुरैशी हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर मीडिया को ब्रीफ करने वाली दो महिला सैन्य अधिकारियों में से एक थीं. इसके अलावा, वह भारत की पहली महिला सैन्य अधिकारी हैं, जिन्होंने बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘Exercise Force 18’ में भारतीय सेना का नेतृत्व किया था – जो कि भारत द्वारा आयोजित अब तक का सबसे बड़ा विदेशी सैन्य अभ्यास है.

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर गुजरात रोड शो की कुछ झलकियां भी साझा कीं.

परिवार की प्रतिक्रिया

कर्नल सोफिया की जुड़वां बहन शायना सूनसारा ने मीडिया से बातचीत में कहा, “प्रधानमंत्री मोदी से मिलकर बहुत अच्छा लगा. उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए बहुत कुछ किया है. जब आपकी बहन देश के लिए कुछ करती है, तो वो सिर्फ आपकी नहीं, पूरे देश की बहन बन जाती है. सोफिया अब हम सबकी प्रेरणा हैं.”

उनकी मां हलीमा बीबी ने भावुक होते हुए कहा, “मोदी जी से मिलकर दिल बहुत खुश हुआ. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर देश की महिलाएं गर्व महसूस कर रही हैं.”

वहीं पिता ताज मोहम्मद कुरैशी ने भी इस मुलाकात को खास बताते हुए कहा, “प्रधानमंत्री ने हमें पहचाना और मुस्कुराकर अभिवादन किया. हमने भी आदरपूर्वक उन्हें नमस्कार किया. यह क्षण हमेशा याद रहेगा.”

कर्नल सोफिया के भाई संजय कुरैशी ने कहा, “पीएम मोदी को इतने करीब से देखना हमारे लिए गर्व का क्षण था. उन्होंने हमें हाथ के इशारों से नमस्ते किया. मैं रक्षा बलों और भारत सरकार का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने मेरी बहन को देश के लिए योगदान देने का अवसर दिया. जब एक महिला, उन महिलाओं के लिए न्याय का प्रतीक बनती है जिन्होंने दर्द सहा है, तो इससे बड़ी बात क्या हो सकती है?”

इस पूरी मुलाकात ने न सिर्फ एक परिवार के गर्व को दर्शाया, बल्कि यह भी बताया कि कैसे देश की बेटियां आज सशक्त होकर हर मोर्चे पर नजर आ रही हैं – और उनके परिवार भी इस गौरव का हिस्सा बनकर देश का हौसला बढ़ा रहे हैं.

ये भी पढ़ें- रेल इंजन से लेकर एयरोस्पेस तक भारत बना रहा है वैश्विक निर्माण शक्ति, ‘मेक इन इंडिया’ से ‘मेड फॉर द वर्ल्ड’ की ओर बढ़ता देश

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read