नागपुर/अभिषेक: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए जानलेवा हमले से लेकर महाराष्ट्र और पंजाब की राजनीति तक, कांग्रेस नेता विजय वड़ेटीवार ने कई अहम मुद्दों पर बेबाक और तीखी प्रतिक्रिया दी है. ट्रंप पर हुए हमले को उन्होंने ‘जैसी करनी, वैसी भरनी’ करार दिया. वहीं, पंजाब में ‘ऑपरेशन लोटस’ की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए इसे महज बकवास बताया है. इसके अलावा, उन्होंने बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज पर दिए गए विवादित बयान को लेकर भी सत्ता पक्ष पर जमकर भड़ास निकाली.
‘ट्रंप ने दुनिया को बर्बाद किया’
डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय वड़ेटीवार ने कहा कि सत्ता में रहते हुए ट्रंप ने दुनिया पर कब्जा करने और अन्य देशों को डिस्टर्ब करने का काम किया. नेता ने दावा किया, “जो जैसा करेगा, वैसा भरेगा… हालांकि सर्वोच्च पद पर बैठे व्यक्ति के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए था.”
वहीं, बागेश्वर बाबा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “वह काहे का महाराज है, वह भोंदू है. उसने बेवकूफों की तरह महाराष्ट्र में आकर शिवाजी महाराज का अपमान किया और वहां बैठे सत्ताधारी लोग चुप रहे. अगर मुख्यमंत्री उसी वक्त टोक देते, तो उसकी जुबान बंद हो जाती. जो शिवाजी महाराज का अपमान करेगा, जनता उसे जवाब देगी.”
पंजाब में लोटस ‘फ्लॉप’
पंजाब में ‘ऑपरेशन लोटस’ शुरू होने की अटकलों को उन्होंने फालतू की बातें बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी पैसे के दम पर कुछ भी कर सकती है, लेकिन पंजाब में उनके पास विधायक ही नहीं हैं.
ये भी पढ़ें: जीत अडानी और पत्नी दिवा ने अहमदाबाद में डाला वोट, आम नागरिकों की तरह किया मताधिकार का प्रयोग
पुणे में सुनेत्रा पवार के ‘भावी मुख्यमंत्री’ वाले बैनरों पर तंज कसते हुए विजय वड़ेटीवार ने कहा कि यह सिर्फ कार्यकर्ताओं की भावनाएं हैं, इसमें कोई तथ्य नहीं है. कांग्रेस नेता ने बीजेपी को ‘राक्षस’ करार देते हुए कहा कि वह दूसरे दलों के नेताओं को खत्म करने वाली पार्टी है, इसलिए वह कभी किसी अन्य पार्टी के नेता को मुख्यमंत्री नहीं बनने देगी.
उद्धव-शिंदे की ‘सीक्रेट मीटिंग’ पर मांगे सबूत
वर्षा बंगले पर रात 2 बजे उद्धव ठाकरे और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की कथित सीक्रेट मुलाकात पर भी कांग्रेस नेता ने अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि बिना किसी फोटो या सबूत के इस बात को सच नहीं माना जा सकता. उन्होंने कहा, “रात 2 बजे कौन मीडिया वाला वहां मौजूद था? जब तक कोई पुख्ता सबूत सामने नहीं आता, यह सिर्फ चर्चाओं का विषय है.” हालांकि, उन्होंने यह जरूर माना कि मोहित कंबोज के कार्यक्रम के बाद से दोनों नेताओं के बीच नजदीकियां बढ़ने की चर्चाएं जनता में आम हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
