Rajya Sabha Elections 2026 Congress
Rajya Sabha Elections 2026: 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) ने उम्मीदवारों की सूची जारी की है. इसमें कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु और झारखंड के उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है. कर्नाटक से मल्लिकार्जुन खरगे, मंसूर अली खान और पवन खेड़ा का नाम शामिल है. मध्य प्रदेश से मीनाक्षी नटराजन, तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती, झारखंड से प्रणव झा और राजस्थान से नीरज डांगी को उम्मीदवार बनाया गया है.
मेरी तपस्या में कुछ कमी रह गई- पवन खेड़ा
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा को कर्नाटक से उम्मीदवार बनाया गया है. पिछले कुछ समय से वे राष्ट्रीय राजनीति में लगातार सक्रिय रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि वर्ष 2022 में जब कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की थी, तब पवन खेड़ा का नाम उसमें शामिल नहीं था. उस समय उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि ‘शायद मेरी तपस्या में कुछ कमी रह गई’. उनका यह बयान सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था. अब पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें उच्च सदन भेजने का फैसला किया है.
The Congress President, Shri @kharge, has approved the candidature of the following persons as Congress candidates to contest the biennial/bye-elections to the Council of States from the states mentioned against their names👇 pic.twitter.com/4x4cQNB0kb
— Congress (@INCIndia) June 4, 2026
वहीं, राजस्थान से कांग्रेस ने एक बार फिर नीरज डांगी को मौका दिया है. अनुसूचित जाति समुदाय से आने वाले डांगी को दोबारा उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने उनके प्रति अपना विश्वास कायम रखा है. इसके अलावा, मध्य प्रदेश से पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा का टिकट मिला है. संगठन में लंबे समय से सक्रिय नटराजन को राहुल गांधी के करीबी सहयोगियों में गिना जाता है और वे पार्टी की रणनीतिक टीम का अहम हिस्सा रही हैं.
कब होगा राज्यसभा चुनाव?
राज्यसभा की खाली सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. उम्मीदवारों को अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए 8 जून तक का समय दिया गया है. इसके बाद 9 जून को निर्वाचन अधिकारी सभी नामांकन पत्रों की जांच करेंगे. जो उम्मीदवार चुनाव मैदान से हटना चाहते हैं, वे 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे. वोटिंग 18 जून को कराई जाएगी और उसी दिन नतीजे भी सामने आ सकते हैं.
ये भी पढ़ें: ‘दीदी’ को मिला बड़ा ऑफर! किस बागी विधायक ने ममता बनर्जी को दिया अपनी सीट से उपचुनाव लड़ने का न्योता
बीजेपी ने भी जारी की लिस्ट
बीजेपी ने इस बार गुजरात से चार और राजस्थान से दो दिग्गज नेताओं को संसद के उच्च सदन (राज्यसभा) में भेजने की तैयारी की है. इसके अलावा उत्तर-पूर्वी राज्यों (North-East) और ओडिशा उपचुनाव के लिए भी चेहरों को अंतिम मंजूरी दे दी गई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



