Bharat Express DD Free Dish

पाकिस्तानी लड़की से गुपचुप निकाह और वीज़ा उल्लंघन के चलते CRPF जवान सेवा से बर्खास्त, छिपाई थी जानकारी

Pakistani Girl Married Indian Boy: पता चला है कि सीआरपीएफ के जवान मुनिर अहमद ने जानबूझकर विवाह की जानकारी छुपाई और अपनी पाकिस्तानी पत्नी को भारत में रहने में मदद की, जबकि उसका वीज़ा वैध नहीं था.

फोटो सोर्स - सोशल मीडिया

Pakistani girl caught in india: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने एक गंभीर मामले में अपने 41 बटालियन के जवान मुनिर अहमद (CT/GD) को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है. CRPF के अनुसार, मुनिर अहमद ने एक पाकिस्तानी लड़की से अपने निकाह की जानकारी विभाग से छुपाई और वीज़ा की वैधता समाप्त होने के बावजूद उसे अपने साथ रहने दिया.

CRPF ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि मुनिर अहमद के इस कृत्य को सेवा आचरण के घोर उल्लंघन और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा माना गया है. बल के मुताबिक, एक सुरक्षाबल के जवान द्वारा इस प्रकार की गोपनीयता और नियमों की अनदेखी न केवल अनुशासनहीनता है, बल्कि इससे देश की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठते हैं.

जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मुनिर अहमद ने जानबूझकर अपने विवाह की जानकारी छुपाई और अपनी पत्नी को भारत में रहने में मदद की, जबकि उसका वीज़ा वैध नहीं था. यह आचरण सीआरपीएफ की सेवा शर्तों और नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है, जिनके तहत सभी जवानों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, विशेषकर इस प्रकार के संवेदनशील मामलों में, विभाग के समक्ष पारदर्शिता से प्रस्तुत करनी होती है.

CRPF ने कहा कि जवान की कार्रवाई को राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ एक गंभीर खतरे के रूप में देखा गया और इसी आधार पर उसे तत्काल सेवा से बर्खास्त कर दिया गया. बल ने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी भी स्तर पर सेवा नियमों के उल्लंघन या राष्ट्रीय हितों के साथ समझौते को बर्दाश्त नहीं करेगा.

यह घटना सुरक्षा बलों के बीच सेवा आचरण और पारदर्शिता के महत्व को एक बार फिर रेखांकित करती है, खासतौर पर ऐसे समय में जब देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा को लेकर खतरे लगातार बढ़ रहे हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read