Urdu Conclave 2026

दरभंगा में दरिंदगी: 6 साल की बच्ची से रेप के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार, इलाके में भारी बवाल

Darbhanga Rape Murder Case: बिहार के दरभंगा में 6 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या. आरोपी विकास महतो गिरफ्तार. प्रदर्शनकारियों का हंगामा, एसडीएम घायल.

Darbhanga Rape Murder Case

Darbhanga Rape Murder Case: बिहार के दरभंगा जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है और आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया.

तालाब के पास मिला बच्ची का शव

जानकारी के अनुसार, बच्ची शनिवार शाम से लापता थी. देर रात गांव के बाहर तालाब के पास कुत्तों के भौंकने पर जब परिजन वहां पहुंचे, तो दीवार के पास बच्ची लहूलुहान हालत में मिली. तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज और दो अन्य चश्मदीद बच्चियों के बयान के आधार पर आरोपी विकास महतो (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कपड़ों पर खून के धब्बे भी पाए गए हैं.

रणक्षेत्र बना सुंदरपुर बेला मार्ग

घटना के विरोध में रविवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने सुंदरपुर बेला मंदिर के पास मुख्य मार्ग जाम कर दिया. उग्र भीड़ ने एक ऑटो को आग के हवाले कर दिया और पुलिस पर जमकर पथराव किया. इस पत्थरबाजी में एसडीएम विकास कुमार के पैर में चोट आई है. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और 10 थानों की फोर्स को मौके पर बुलाना पड़ा.


ये भी पढ़ें: ‘ब्राह्मण होना योग्यता नहीं…’ RSS प्रमुख को लेकर मोहन भागवत बोले- किसी भी जाति का आदमी…


प्रशासन का पक्ष

एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. डीएम कौशल कुमार ने आश्वासन दिया है कि इस जघन्य अपराध के आरोपी को स्पीडी ट्रायल के जरिए जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जाएगी. फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read