Delhi road accident: राजधानी दिल्ली (Delhi) के अलीपुर इलाके में बुधवार सुबह शिव मंदिर के पास NH-44 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार वाहन ने ऑटो रिक्शा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसका ढांचा पूरी तरह से टूट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
सात सवारियों में तीन की मौत
ऑटो रिक्शा (नंबर DL1RW 2826) में कुल सात लोग बैठे थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे. हादसे में ऑटो चालक राजू शर्मा, एक नाबालिग बच्ची और एक अज्ञात यात्री की मौत हो गई. बाकी चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें पहले सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल भेजा गया.
बलिया से लौट रहा परिवार
पुलिस जांच में सामने आया कि घायल मुकेश अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के बलिया से दिल्ली लौटे थे. आईएसबीटी से टिकरी गांव जाने के लिए उन्होंने ऑटो लिया था. रास्ते में ऑटो चालक ने कुछ और सवारियां भी बैठा ली थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही अलीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनसे आरोपी वाहन की पहचान हुई. पुलिस ने कुछ ही घंटों में DL-1LAD 3609 नंबर का वाहन जब्त कर उसके चालक अनिल को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी बिहार के मधुबनी जिले का रहने वाला बताया जा रहा है.
ये भी पढ़ें-महंगाई का ट्रिपल डोज! LPG और दूध के बाद अब CNG के दाम में लगी आग, जानें कितना बढ़ा रेट
जांच जारी
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई पूरी सख्ती से की जाएगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



