दिल्ली विधानसभा सत्र का आज (गुरुवार, 27 फरवरी) तीसरा दिन था, लेकिन आम आदमी पार्टी (AAP) के निलंबित विधायकों को विधानसभा परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया गया. गौरतलब है कि सत्र के दूसरे दिन ही AAP के 21 विधायकों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया था, और अब उन्हें विधानसभा परिसर में भी घुसने की अनुमति नहीं दी जा रही है.
इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि AAP विधायकों को ‘जय भीम’ के नारे लगाने के कारण निलंबित किया गया.
#WATCH | दिल्ली | दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता व AAP विधायक आतिशी ने कहा, “आज लोकतंत्र के इतिहास में काला दिन है। देश के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ कि चुने हुए विधायकों को विधानसभा के गेट के बाहर रोक दिया जाए… भाजपा परेशान क्यों है? क्योंकि आम आदमी पार्टी बाबा साहब… pic.twitter.com/V5AZwQxtkJ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 27, 2025
आतिशी का भाजपा पर हमला
आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा, “भाजपा वालों ने सरकार में आते ही तानाशाही की हदें पार कर दीं. ‘जय भीम’ के नारे लगाने पर आम आदमी पार्टी के विधायकों को तीन दिन के लिए निलंबित कर दिया गया. अब उन्हें विधानसभा परिसर में भी घुसने नहीं दिया जा रहा. ऐसा दिल्ली विधानसभा के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ कि चुने हुए विधायकों को परिसर के अंदर आने से रोका जाए.”
स्पीकर से मुलाकात करेंगे निलंबित विधायक
विधानसभा परिसर में प्रवेश न मिलने के कारण आम आदमी पार्टी के निलंबित विधायक विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता से मुलाकात कर सकते हैं.
बता दें कि सत्र के दूसरे दिन, जब उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना सदन में अपना अभिभाषण दे रहे थे, तब आम आदमी पार्टी के विधायक विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. इसके चलते विधानसभा अध्यक्ष ने सदन में मौजूद AAP के 21 विधायकों को तीन दिन के लिए निलंबित कर दिया था. यह निलंबन शुक्रवार (28 फरवरी) तक प्रभावी रहेगा. हालांकि, अमानतुल्लाह खान उस समय सदन में मौजूद नहीं थे, इसलिए उन्हें निलंबित नहीं किया गया.
इसे भी पढ़ें- दिल्ली विधानसभा में नजफगढ़ का नाम बदलने की मांग, भाजपा विधायकों ने उठाया मुद्दा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


